जनमुद्दों को लेकर मुखर होगी राजगांगपुर भाजपा
रविवार को राजगांगपुर भाजपा नगर कार्यकारिणी का प्रथम अधिवेशन संपन्न हुआ।
संसू, राजगांगपुर : रविवार को राजगांगपुर भाजपा नगर कार्यकारिणी का प्रथम अधिवेशन संपन्न हुआ। स्थानीय मारवाड़ी पंचायत धर्मशाला में नगर अध्यक्ष शंकर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ भारत माता सहित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। सामूहिक वंदे मातरम् गान के उपरांत छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में शहीद जवानों सहित सड़क दुर्घटना में मृत भाजपा नेत्री टिलेश्वरी लकड़ा के सदगति के लिए ईश्वर से मौन प्रार्थना की गई।
इसके बाद शुरू हुए अधिवेशन में पार्टी के वरिष्ठ नेता महेंद्र माझी, उपेंद्र प्रधान, नरसिंह मिज, श्रीधर स्वाईं, कुलदीप सिंह शशिरेखा सामल, सुरेंद्र देहुरी, राजन सोनी रेखा वर्मा ने अपने संबोधन में भाजपा के नीति-आदर्श पर प्रकाश डाला। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की जनहितकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस मौके पर वक्ताओं ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा की केंद्र सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को अपना ठप्पा लगाकर जनता को गुमराह कर रही है। कहा कि पिछले आम चुनाव सहित पंचायत चुनाव में भाजपा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राज्य में अपनी दमदार उपस्थित दर्ज कराई है। राज्य सत्ता से भाजपा केवल एक कदम दूर है। भाजपा की लोकप्रियता मे दिनों दिन बढोतरी हो रही है। आने वाले पंचायत व नगरपालिका के चुनाव में भाजपा अभूतपूर्व जीत हासिल करेगी।
अधिवेशन के दौरान सर्वसम्मति से राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें नगरपालिका के होल्डिग टैक्स में अप्रत्याशित बढोत्तरी का विरोध किया गया। इसके अलावा केंद्र के स्वच्छ भारत अभियान के तहत राज्य सरकार सहित नगरपालिका को अनुदान के बावजूद घरेलू कचरा उठाने के लिए नागरिकों से अतिरिक्त शुल्क उगाही का विरोध करने, लंबित ओवरब्रिज के काम में हो रहे विलंब पर रोष, औद्योगिक शहर होने के बावजूद स्थानीय शिक्षित युवाओं को रोजगार के लिए कल-कारखानों के खिलाफ घेराबंदी करने, अवैध नशा कारोबार सहित ड्रग्स कारोबार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने एवं अन्य मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया गया। मणिशंकर कोले के संचालन में संपन्न इस अधिवेशन में महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुभद्रा राउत, युवा मोर्चा के अध्यक्ष राजीव भद्र, एससी मोर्चा के अध्यक्ष जानी रोहिदास, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र यादव, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मो इदुल, मधुस्मिता राउत, किशोर कोईरी देबू मिश्र, विक्की यादव प्रमुख उपस्थित थे। अंत में महासचिव हेमंत सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।