डालमिया सीमेंट को कलिग सेफ्टी एक्सीलेंस अवार्ड
वर्ष 2020 के लिए ओडिशा सीमेंट श्रेणी में डालमिया सीमेंट के टांगी एवं राजगांगपुर स्थित संयंत्र को कलिग सेफ्टी एक्सीलेंस अवार्ड (रजत वर्ग) से सम्मानित किया गया है।
संसू, राजगांगपुर : वर्ष 2020 के लिए ओडिशा सीमेंट श्रेणी में डालमिया सीमेंट के टांगी एवं राजगांगपुर स्थित संयंत्र को कलिग सेफ्टी एक्सीलेंस अवार्ड (रजत वर्ग) से सम्मानित किया गया है। इंस्टीट्यूट ऑफ क्वालिटी एंड इनवायरमेंट मैनेजमेंट सर्विसेस की ओर से भुवनेश्वर स्थित होटल न्यू मारियन में आयोजित 11वें सुरक्षा कान्क्लेव में मुख्य अतिथि ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष सूर्य नारायण पात्रो, आइएएस बिष्णुपदा सेठी, डा. एन थिरुमाला नायक निदेशक (फैक्ट्री एंड बॉयलर) ने यह पुरस्कार प्रदान किए। इस सुरक्षा कान्क्लेव में शामिल 60 कंपनियों में से डालमिया सीमेंट को सुरक्षा, कर्मियों के स्वास्थ्य एवं परिवेश क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रणाली नियोजित करने के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। कपिलास प्लांट के लिए मुख्य रामअवतार शर्मा एवं टेक्निकल विभाग के मुख्य संतोष कुमार सिंह ने अतिथियों से यह पुरस्कार ग्रहण किया। कपिलास कारखाना के सुरक्षा प्रमुख चंदन स्वांई भी मौजूद थे। वहीं, राजगांगपुर संयंत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए सुरक्षा प्रमुख बिचित्र बल एवं यूटिलिटी विभाग के कुमार मिश्रा ने अवार्ड ग्रहण किया। वाहन की चपेट में आने से युवक गंभीर : बणई ब्लाक अंतर्गत सिहीडीहा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर इसकी छानबीन में जुटी है। लहुणीपाड़ा- बहड़ापोशी राज्य राजपथ-10 क पर सिहीडीहा गांव के पास यह घटना घटी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। जख्मी युवक की पहचान नहीं हो पायी है। स्थानीय लोगों की सहायता से उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही महुलपादा चौकी की पुलिस वहां पहुंचकर घटना की जांच शुरू की है।