चोरियों पर लगाम लगाने भाजपा ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन
नगर क्षेत्र के कांसबहाल बिलाईगढ अंचल सहित आसपास के गांवों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
संसू, राजगांगपुर : नगर क्षेत्र के कांसबहाल, बिलाईगढ अंचल सहित आसपास के गांवों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। इसे लेकर बुधवार को कांसबहाल के भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी के नए प्रभारी विजय सिंह से मिलकर चोरी की घटनाओं पर जल्द से जल्द अंकुश लगाने का अनुरोध करते हुए मांगपत्र सौंपा है। प्रदीप ने बताया है कि कांसबहाल क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगो में दहशत का माहौल है। इस पर अविलंब अंकुश लगाने एवं रात्रि पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है। चौकी प्रभारी ने आश्वासन दिया कि पुलिस चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए काम कर रही है। जल्द ही आरोपित कानून के शिकंजे में होंगे। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य नर्सिंग मिज सहित रमेश हाजरा, भरत विश्वकर्मा,ओमकार सिंहदेव, लक्ष्मण दलई, सत्यनारायण सतपथी, प्रतीक शर्मा, जितेंद्र सिंह आदि प्रमुख नेता शामिल थे। किशोरी के अपहरण का मामला दर्ज : राउरकेला के उदितनगर में एसपी आवास के पास स्थित पार्क से किशोरी के अपहरण करने की शिकायत थाना में दर्ज करायी गई है। इसके आधार पर उदितनगर थाना की पुलिस की ओर से छानबीन शुरू की गई है।
किशोरी विगत 27 फरवरी को सहेलियों के साथ खेलने के लिए पार्क में गई थी तभी अज्ञात लोग उसे ले गए। देर शाम तक उसके नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। कहीं उसका पता नहीं चलने पर मंगलवार को थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज करायी गई। थाना अधिकारी सुदर्शन पंडा खुद इसकी जांच कर रहे हैं।