बिसरा में वाहन की चपेट में आने से राहगीर की मौत
चार चक्का वाहन की चपेट में आने से बिसरा गुडगुडजोर नया बस्ती निवासी मोहम्मद राशिद की मौत हो गई। बिसरा थाना की पुलिस दुर्घटनाजनित मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
संसू, राजगांगपुर : चार चक्का वाहन की चपेट में आने से बिसरा गुडगुडजोर नया बस्ती निवासी मोहम्मद राशिद की मौत हो गई। बिसरा थाना की पुलिस दुर्घटनाजनित मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है। काम समाप्त कर घर पैदल लौटते समय मो. राशिद को चार चक्का वाहन ने धक्का मारने के साथ फरार हो गया था। घायल राशिद को लोगों ने उठाकर इलाज के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल ले गए। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बुर्ला मेडिकल रेफर कर दिया गया। 108 एंबुलेंस से उसे बूर्ला ले जाया जा रहा था। राजगागंपुर के रानीबंध के पास अचानक उसकी हालत खराब हो गई। यह देख साथ जा रहे परिवार के लोग उसे तुरंत राजगांगपुर सरकारी अस्पताल ले गए जहां जांच के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर अस्पताल पहुंची पुलिस दुर्घटनाजनित मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार : पिस्तौल दिखाकर जान से मार डालने की धमकी देने के आरोप में किजिरकेला थाना की पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। कुतरा के खतकुल बहाल निवासी 30 वर्षीय मो. शाहरुख सिकाजोर साप्ताहिक बाजार से बैल खरीदने के लिए गया था। बाजार के ठेकेदार का काम करने वाले अब्दुल खान के साथ झगड़ा हो गया। मो. शाहरुख के साथ अन्य तीन लोगों ने अब्दुल के साथ मारपीट की एवं पिस्तौल निकाल कर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में शाहरुख को गिरफ्तार किया गया है जबकि अन्य आरोपित फरार हैं।