राजगांगपुर में प्रतिबंधित मांस के कारोबार का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
शहर में वर्षो से चोरी छिपे चल रहे प्रतिबंधित मांस के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए राजगांगपुर थाना के प्रभारी गोकुला नंद साहू के नेतृत्व में विशेष टीम ने आजाद रोड स्थित संगम मार्ग के एक गोदाम से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद किया है।
संवाद सूत्र, राजगांगपुर : शहर में वर्षो से चोरी छिपे चल रहे प्रतिबंधित मांस के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए राजगांगपुर थाना के प्रभारी गोकुला नंद साहू के नेतृत्व में विशेष टीम ने आजाद रोड स्थित संगम मार्ग के एक गोदाम से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। प्रतिबंधित मवेशी को मारने तथा उसके मांस को काटने के आरोप में मार्टिन भेंगरा एवं मोहम्मद इस्लाम को गिरफ्तार किया गया है। इससे पूर्व भी इसके कई मामले सामने आ चुके है। लेकिन हर बार तनाव की स्थिति को देखते हुए मामलों को रफा दफा कर दिया जाता था। लेकिन इस बार इस कारोबार की सूचना मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस को दी। सूचना लिखित रूप से दी गई थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि प्रतिबंधित मांस के कारोबार से क्षेत्र में इतनी गंध होती है कि लोगों का जीना दूभर है। काटने के बाद खुले रूप से नाली में मवेशियों के खून व शरीर के अन्य हिस्से बहाए जा रहे हैं। इस कारण प्रदूषण फैलने के साथ क्षेत्र में कई तरह की बीमारी फैल रही है। रविवार को प्रतिबंधित मवेशी को जाने की जानकारी होने पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आजाद रोड स्थित संगम मार्ग के एक गोदाम में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट चालान कर दिया। पुलिस को इस मामले में अन्य आरोपितों की तलाश है। इस घटना को लेकर शहर में तनाव का माहौल है। उधर, भाजपा एवं बजरंग दल ने पुलिस प्रशासन से इस कारोबार पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने की मांग की ।