कुतरा प्रखंड में एक और मनरेगा घोटाला आया सामने
सुंदरगढ़ जिले के कुतरा प्रखंड में एक और मनरेगा घोटाला का मामला सामने आया है।
संवाद सूत्र, राजगांगपुर : सुंदरगढ़ जिले के कुतरा प्रखंड में एक और मनरेगा घोटाला का मामला सामने आया है। इस बार प्रखंड के राजाबासा गांव में 1500 मीटर कार्य के बावत आई 1.97 लाख की राशि बगैर काम के ही उठाकर हड़प ली गई है। सरपंच की ओर से इस संबंध में जिलापाल से शिकायत की गई थी। इसके बाद ट्रैक्टर व जेसीबी लगाकर सड़क की थूक पालिस जैसी मरम्मत किए जाने की शिकायत हुई है। सरपंच सुनील एक्का ने बताया कि फरवरी माह में जटाकुदर से राजाबासा के बीच 1,500 मीटर सड़क के काम को पूरा करने का आदेश दिया गया था। इसके लिए 1.97 लाख की प्राक्कलन राशि मंजूर की गई थी। लेकिन कोविड के दौरान काम नहीं हो पाया। इसी बीच काम होने की बात दर्शाकर उक्त राशि की निकासी कर ली गई। जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने जिलापाल को लिखित शिकायत की थी। इसकी जानकारी ठेकेदार व विभागीय अधिकारियों को होने पर उन्होंने आनन फानन में जेसीबी व ट्रैक्टर लगाकर सड़क की मरम्मत घटिया तरीके से करवा दिया।
इस संबंध में जब बीडीओ मानस रंजन राय से पूछा गया तो वे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दे पाए। प्रखंड अध्यक्ष पराग लकड़ा ने बताया कि उनकी जानकारी में मामला आने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जांच का अनुरोध किया है। कुछ दिन पहले इसी प्रखंड के बिरिगाटोली पंचायत के बुढ़ाकटा गांव में हुए मनरेगा कार्य में काम करने वाले मजदूरों की राशि हड़प लिए जाने की शिकायत सामने आई थी। इस कारण दो साल बाद भी मजदूरों को उनका बकाया वेतन नहीं मिल पाया था।