आंध्र प्रदेश में सुंदरगढ़ के मजदूरों पर एसिड हमला व काटी अंगुलियां
आंध्रप्रदेश के विजयनगरम स्थित ईट भट्ठा में काम करने के गए सुंदरग
संवाद सूत्र, सुंदरगढ़ : आंध्रप्रदेश के विजयनगरम स्थित ईट भट्ठा में काम करने के गए सुंदरगढ़ जिले के हेमगिर के भुड़दा गांव के 12 श्रमिकों को बिना पैसे के काम कराया गया। भागने का प्रयास करने पर उप पर एसिड से हमला किया गया और कुछ लोगों के हाथों की अंगुलियां काट दी गई। इस घटना के बाद वहां से पांच श्रमिक किसी तरह भाग कर घर लौटे एवं आप बीती बयां की। इनमें से एक की हालत नाजुक है। उसे बुर्ला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। अन्य का हेमगिर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की जानकारी होने पर सुंदरगढ़ एसपी सौम्या मिश्रा ने विजयनगरम पुलिस से संपर्क कर बंधक बनाए गए श्रमिकों को छुड़ाने का अनुरोध किया है।
हेमगिर जिले से 12 श्रमिक अक्टूबर महीने में काम की तलाश में विजयनगरम गए थे। वहां श्री साई मनीकट्टा ईट भट्ठा में काम करने लगे। दो महीने तक काम करने के बाद भी पैसा नहीं मिला और तरह से प्रताड़ित किया जाने लगा। ऐसे में तीन दिन पहले श्रमिकों ने वहां से भागने का प्रयास किया तो ईट भट्ठा मालिक महेश बाबू काला व उनके लोगों ने सात लोगों श्रमिकों को पकड़ लिया। उनकी पिटाई करने के साथ-साथ हाथ की अंगुलियां काट दी। अन्य श्रमिकों पर एसिड से हमला किया गया।
वहां से भाग कर यहां पहुंचे पांच श्रमिकों में से जयदेव चांदनिया को अधिक चोट लगी है। उसका चेहरा एवं छाती का हिस्सा एसिड से जल गया है। उसे इलाज के लिए पहले हेमगिर सरकारी अस्पताल फिर बुर्ला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। अन्य श्रमिकों को मामूली चोट लगी है जिनका इलाज चल रहा है। सुभाष नायक, शानू बारिक, गिरजा बारिक, मसला बारिक, अंतु बारिक व भूमि चांदनिया, जय चांदनिया अब भी ईट भट्ठा मालिक के कब्जे में हैं। सूचना मिलने पर सुदरगढ़ एसपी ने आंध्र पुलिस से संपर्क कर इसकी जानकारी दी है तथा उन्हें मुक्त कराने का अनुरोध किया है।
छुड़ाने का अनुरोध
घटना की जानकारी मिलने के बाद आंध्र प्रदेश श्रम विभाग अधिकारी तथा इंटर स्टेट माइग्रेट सेल के साथ संपर्क कर बंधक बनाए गए श्रमिकों को छुड़ाने के लिए अनुरोध किया गया है।
- रवीन्द्र बार्ला, एएलओ, सुंदरगढ़।