पंचायत कार्यकर्ताओं में ऊर्जा फूंकने जुटी कांग्रेस
तृणमूल स्तर पर कांग्रेस को मजबूत कर आगामी 2019 के चुनाव में बाजी मारने का
संसू, संबलपुर : तृणमूल स्तर पर कांग्रेस को मजबूत कर आगामी 2019 के चुनाव में बाजी मारने का लक्ष्य लेकर संबलपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में मानेश्वर ब्लॉक अंतर्गत सात पंचायत के कार्यकर्ताओं को लेकर बैठक आयोजित रही। इस बैठक में कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची, बूथ प्रबंधन आदि के बारे में जानकारी देने समेत राफेल डील में हुए हजारों करोड़ के घोटाले के संबंध में विस्तार से बताया गया तथा इस मुद्दे को लेकर घर-घर पहुंचकर केंद्र सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का आह्वान किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष अश्विनी गुरु ने कहा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनता से जुड़ने संबंधी कार्यक्रम शक्ति का शुभारंभ किया है। इसके जरिए पार्टी कार्यकर्ता केंद्र व राज्य सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने की मुहिम छेड़ें। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रांतीय आवाहक आसफ अली खान ने कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी।
इस बैठक में फ्रांस से खरीदे जा रहे राफेल विमान के सौदे में हुए घोटाले पर विशेष रूप से चर्चा की गई और इस मुद्दे पर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के आक्रमक रवैये की सभी ने सराहना की। बैठक में महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव सुरेखा साहू, जिला सचिव असगर, गौरांग पुरोहित, देवराज नायक, श्रीकांत बादी, भागीरथ साहू, बाबू खनेबांग समेत पंचायतों के अध्यक्ष एवं महिला कांग्रेस पंचायत की अध्यक्ष शामिल रहीं।