हीराकुद में पर्यटकों के लिए रोप वे सेवा का शुभारंभ
विश्वप्रसिद्ध हीराकुद बांध को लेकर पिछले छह दशकों से प्रसिद्द उपनगर हीराकुद में पर्यटकों की खातिर रोप वे सेवा भी शुरू हो गयी है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : विश्वप्रसिद्ध हीराकुद बांध को लेकर पिछले छह दशकों से प्रसिद्ध उपनगर हीराकुद में पर्यटकों की खातिर रोप वे सेवा भी शुरू हो गयी है। बीते वर्ष इसका ट्रायल हुआ था। संभावना थी कि नए वर्ष 2019 में इसका शुभारंभ हो जायेगा। लेकिन किसी कारणवश इसे जनवरी के बजाय नवंबर में शुरू किया गया। मंगलवार को संबलपुर दौरे पर आये राज्य सरकार के विकास आयुक्त सुरेश महापात्र और संबलपुर जिलाधीश शुभम सक्सेना की उपस्थिति में इस बहुप्रतीक्षित रोप वे सेवा का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिन 47 लोगों ने इस रोप वे सेवा का मजा लिया और हीराकुद बांध समेत उसके आसपास के मनोरम दृश्य को निहारा।
बताया गया है कि यह रोप वे सेवा हीराकुद स्थित जवाहर उद्यान से हीराकुद बांध के गांधी मीनार तक 421 मीटर की दूरी तय कर वापस लौटेगी। इसके लिए 50 रुपये किराया तय किया गया है। चार वर्ष तक के बच्चों के लिए कोई किराया नहीं लिया जायेगा। वर्तमान आठ केबिन के साथ यह सेवा शुरू की गयी है । आगामी दिनों में केबिन की संख्या बढाकर 12 की जाएगी। सोमवार को यह सेवा बंद रहेगी।
उल्लेखनीय ह कि संबलपुर समेत पश्चिम ओडिशा में पर्यटन को बढ़ावा देने की खातिर वर्ष 2016 में हीराकुद में रोप वे का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। लेकिन तकनीकी कारणों की वजह से इसका निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका था। करीब दो वर्ष के विलंब के बाद यह सेवा शुरू हुई।