मिसेज इंडिया यूनिवर्स मुनमुन का अभिनंदन
हिद महासागर की गोद में बसे एक और भारत यानी मॉरिशस में एक महीने पहले अपनी सुंदरता का जलवा दिखाकर वापस लौटी संबलपुर की बहू और भुवनेश्वर की बेटी मूनमून सिंह का रविवार को अईंठापाली चौक स्थित प्रेस क्लब भवन में गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया।
संवाद सूत्र ,संबलपुर : हिद महासागर की गोद में बसे एक और भारत यानी मारीशस में एक महीने पहले अपनी सुंदरता का जलवा दिखाकर वापस लौटीं संबलपुर की बहू और भुवनेश्वर की बेटी मुनमुन सिंह का रविवार को शहरवासियों ने गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया। अईंठापाली चौक स्थित प्रेस क्लब भवन में आयोजित इस अभिनंदन समारोह में पूर्व विधायक डॉ. रासेश्वरी पाणिग्राही समेत अध्यक्ष त्रिविक्रम प्रधान, महासचिव भवानी शंकर भोई, श्रवण पति, सुब्रत महांती ने उन्हें पुष्पगुच्छ प्रदान कर अभिनंदन किया।
उल्लेखनीय है कि विगत 18 अक्टूबर को मारीशस के ट्रियानॉन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मिसेज इंडिया यूनिवर्स प्रतियोगिता में मुनमुन सिंह भी शामिल थी। उन्हें प्रतियोगिता का शीर्ष गोल्ड वर्ग पुरस्कार मिला। इस प्रतियोगिता के बारे में अपना अनुभव साझा करते हुए मुनमुन ने बताया है कि प्रतियोगिता में देश-विदेश की 38 प्रतिभागी फाइनल में शामिल हुए थे। असली मुश्किल भारतीय प्रतिभागियों के लिए होती है। उन्हें अपने घर- परिवार को संभालने समेत खुद पर भी फोकस करना पड़ता है। इसके लिए परिवार का सहयोग जरूरी होता है। उन्हें भी इन मुश्किलों से गुजरना पड़ा। वर्ष 2018 में मिसेज भुवनेश्वर का खिताब जीतने के बाद पति और ससुराल वालों का सहयोग मिला। तब जाकर वह खुद पर फोकस कर सकी और यह सफलता मिली। उन्होंने ओडिशा की युवतियों को खुद पर विश्वास रखने और अपनी इच्छाओं का दमन नहीं कर आगे बढ़ने की सलाह दी है।