लुटेरा गिरोह का सरगना निकला पुलिसकर्मी का पुत्र
हाइवे लुटेरा गिरोह का सनसनीखेज खुलासा, गिरोह का सरगना सेवानिवृत पुलिसकर्मी का पुत्र है।
संबलपुर, जेएनएन। रेंगाली थाना पुलिस ने हाइवे लुटेरा गिरोह के बारे में सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि गिरोह का सरगना अशोक कुमार नायक उर्फ कुना एक सेवानिवृत पुलिसकर्मी का पुत्र है। सदर एसडीपीओ भवानीशंकर उदगाता के अनुसार, झारसुगुड़ा के बांबे चौक निवासी अशोक कुमार नायक उर्फ कुना के पिता पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे एवं देवगढ़ जिले से वे सेवानिवृत हुए। उनका पुत्र अशोक आपराधिक प्रवृत्ति का है। कुछ महीने पहले अशोक को अपहरण के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
जेल में रहने के दौरान उसकी पहचान अन्य अपराधियों से हुई। जमानत पर जेल से छूटने के बाद अशोक ने अपना एक गिरोह बनाया और हाइवे से गुजरने वाले वाहनों को लूटने लगा। अशोक के गिरोह में झारसुगुड़ा और ब्रजराजनगर के कई अपराधी शामिल हैं। एक महीने पहले गिरोह ने हाइवे से गुजरने वाले एक ट्रक को लूटने की योजना बनायी थी। 13 अक्टूबर की रात को राउरकेला के वेदव्यास निवासी रामनारायण गिरी की ट्रक से 12.2 टन लोहे की छड़ के साथ मोबाइल व नकदी लूट लिया था। इस मामले में 29 अक्टूबर को गिरोह के सरगना समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।