प्रेमविवाह के बाद पत्नी को प्रताड़ित करने में पति को जेल
स्थानीय धनुपाली थाना अंतर्गत भतरा गांव में रहने वाले विकास जगदला नामक युवक को शनिवार के दिन संबलपुर महिला थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : स्थानीय धनुपाली थाना अंतर्गत भतरा गांव में रहने वाले विकास जगदला नामक युवक को, शनिवार के दिन संबलपुर महिला थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। विकास के खिलाफ उसकी पत्नी ने 11 जनवरी के दिन रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पत्नी की रिपोर्ट पर जांच पड़ताल के बाद आरोपित पति विकास को गिरफ्तार किया गया।
महिला थाना में दर्ज रिपोर्ट में पत्नी ने पति विकास जगदला के खिलाफ प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। बताया है कि संबलपुर शहर की युवती से भतरा गांव के विकास जगदला ने प्रेमविवाह किया था। प्रेमविवाह के बाद वह पत्नी को कभी अपने घर नहीं ले गया। ऐसे में, पत्नी अपने माता- पिता के घर में रहने लगी। पत्नी जब भी विकास से उसके घर जाने की बात करती तब वह बहाने बनाने लगता था। काफी जिद के बाद विकास ने किराए का एक मकान लिया और पत्नी को वहां रखा। इसी बीच पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद पत्नी ससुराल जाने की जिद करने लगी तब भी पति उसे अपने घर नहीं ले गया। ऐसे में पत्नी एक दिन खुद अपनी दुधमुंही बेटी को लेकर भतरा गांव स्थित विकास के घर पहुंच गई। बताते हैं कि तब ससुराल वालों ने भी उसे बहू मानने से इनकार कर दिया और भगा दिया। इसी के बाद प्रताड़ित पत्नी न्याय की गुहार करते हुए महिला थाना पहुंची और अपने पति विकास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दिया, जिसके आधार पर शनिवार को पुलिस ने प्रताड़क पति विकास को गिरफ्तार किया।