39 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
पश्चिम ओडिशा से गांजा की तस्करी करने के आरोप में तीन युवकों दिलीप मंडल रुपेश कुमार व जोगेंदर कुलदीप को टिटिलागढ़ रेल पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : पश्चिम ओडिशा से गांजा की तस्करी करने के आरोप में दिलीप मंडल, रूपेश कुमार व जोगेंदर कुलदीप को टिटिलागढ़ रेल पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से 38 किलो 850 ग्राम गांजा जब्त किया है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपितों में दिलीप मंडल व रूपेश कुमार रुपेली, जिला पूर्णिया, बिहार एवं जोगेंदर कुलदीप, सिमिलीगुडा, जिला कोरापुट, ओडिशा का निवासी बताया गया है।
टिटिलागढ़ रेल थानेदार अबनी कुमार साहू ने बताया कि शनिवार की रात गश्त करते समय स्टेशन के निकट तीन संदिग्ध युवकों को देख संदेह हुआ। जब उन्हें रोककर बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से गांजा बरामद हुआ। आरोपितों ने बताया कि वे गांजा टिटिलागढ़ थाना अंतर्गत पथर्ला गांव के कैलाश बेहरा से खरीदकर रांची ले जा रहे थे।