रोजगार के लिए चेन्नई गए पति से संपर्क टूटा
संबलपुर जिले के बामड़ा ब्लॉक के पंडरीपत्थर तुरीपड़ा में किराए की झोपड़ी में रहने वाली साबित्री बहाला (25) का पति गणेश नायक (29) होली के समय रोजगार के लिए चेन्नई गया था।
संसू, बामड़ा : संबलपुर जिले के बामड़ा ब्लॉक के पंडरीपत्थर तुरीपड़ा में किराए की झोपड़ी में रहने वाली साबित्री बहाला (25) का पति गणेश नायक (29) होली के समय रोजगार के लिए चेन्नई गया था। चेन्नई जाने के बाद गणेश से साबित्री का कोई संपर्क नही हो पा रहा है। न गणेश का फोन आता है और न ही साबित्री द्वारा फोन करने पर संपर्क होता है। साबित्री विभिन्न घरों में झाडू पोछा लगा कर जैसे तैसे गुजर बसर कर रही थी। लॉक डाउन के लागू होने से उसे घरों में काम मिलना बंद हो गया है। ऐसे में उसे दो वक्त खाना जुटाना मुश्किल हो गया था। सरकार द्वारा चलाये जा रहे आहार केंद्र से उसे दोनों वक्त खाना मिल रहा है। साबित्री ने अपने पति गणेश की खोज खबर लेने की गुहार कर रही है। लेकिन चेन्नई में कहां काम करता और रहता है, इसकी जानकारी साबित्री को नही है। साल भर से वो चेन्नई में काम करता है। पिछले दिसंबर में आया था तो साबित्री को दो महीने की पगार 25000 रुपये दिए थे। फिर काम के सिलसिले में चेन्नई जाने के बाद गणेश की कोई खबर नही है। साबित्री के अनुसार, गणेश ने बताया था कि वह चेन्नई में वेल्डिग का काम करता है।
बामड़ा के केछुपानी गांव के स्कूल पड़ा निवासी नेगी बहाला की बेटी साबित्री किसान जाति की है और उसने 5 साल पहले झारसुगुड़ा जिला के भुरकामुंडा श्रीपुरा गांव के अन्य जाति के युवक गणेश से प्रेमविवाह किया था। लेकिन गणेश के परिजनों ने इस शादी को स्वीकार नही किया और घर में बहू को लाने से इनकार कर दिया था। घर से ठोकर खाकर गणेश झारसुगुड़ा के निकट बंजारी गांव में 5 महीने रहने के बाद अपनी ससुराल केछुपानी चला गया। जहां वह 5/6 महीना रुक कर मोबाइल मरम्मत की दुकान खोल कर गुजारा करने लगा। बाद में बामड़ा के पंडरीपत्थर के तुरीपड़ा में भाड़े की झोपड़ी में रहने लगा। गणेश की कोई खोज खबर न होने से साबित्री और उसकी तीन की बेटी को खाने के लाले पड़े हैं। साबित्री ने गणेश की खोज खबर करने प्रशासन से गुहार लगाई है। साबित्री को राशन कार्ड भी नही मिल रहा है।