मानेश्वर चौक पर कृषि बिल के विरोध में किसानों का पथावरोध
संवाद सूत्र संबलपुर केंद्र सरकार के नए कृषि बिल के विरोध में गुरुवार को पश्चिम ओडिशा
संवाद सूत्र, संबलपुर : केंद्र सरकार के नए कृषि बिल के विरोध में गुरुवार को पश्चिम ओडिशा कृषक संगठन समन्वय समिति की ओर से संबलपुर-कटक राजमार्ग पर मानेश्वर चौक पर एक घंटे तक पथावरोध किया गया। समिति ने आरोप लगाया है कि नए कृषि बिल से किसानों का हित नहीं बल्कि बर्बादी होगी। किसानों के हित की बात कहकर केंद्र सरकार बड़े उद्योगपतियों को मालामाल करने की कोशिश कर रही है।
गुरुवार के पूर्वान्ह 11 से दोपहर के 12 बजे तक मानेश्वर चौक में समन्वय समिति की ओर से आयोजित पथावरोध में समन्वय समिति के आवाहक अशोक कुमार प्रधान समेत किसान नेता मुरारी पुरोहित, देवेंद्र प्रधान, सरोज महांती, हरेकृष्ण पुरोहित, चंद्रकांत पंडा समेत शताधिक किसान और नेता शामिल रहे और बताया कि किसानों के जीवन और जीविका को लेकर सरकार खेल खेल रही है। सरकार को लगता है कि नए कृषि बिल से कृषि के क्षेत्र और किसानों की जीवनशैली में सुधार होगा, लेकिन सच्चाई इससे परे है। यही वजह है कि देश के विभिन्न प्रदेशों में नए कृषि बिल का विरोध किया गया। किसान नेताओं ने प्रति एकड़ 19 क्विटल धान संग्रह किए जाने और आइआरएस स्कैनिग का भी विरोध किया।
आवाहक अशोक प्रधान ने बताया कि ओडिशा सरकार ने अबतक इस नए कानून को लागू नहीं किया है, लेकिन इस कानून को लेकर प्रदेश सरकार की नीति भी स्पष्ट नहीं है। केंद्र सरकार के दबाव में आकर कभी भी ओडिशा सरकार इस कानून को लागू कर सकती है। अगर ऐसा हुआ तो ओडिशा में जोरदार आंदोलन शुरु किया जाएगा , जिसका प्रतीकात्मक आंदोलन गुरुवार के दिन किया गया।