ओडिशा: राज्य मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से रोहित समर्थकों में असंतोष
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के मंत्रिमंडल में इस बार भी बीजू जनता दल के रेढ़ाखोल के विधायक रोहित पुजारी को शमिल नहीं किए जाने से लोगों में असंतोष देखा जा रहा है।
संबलपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के मंत्रिमंडल में इस बार भी बीजू जनता दल के रेढ़ाखोल के विधायक इंजीनियर रोहित पुजारी को शामिल नहीं किए जाने से लोगों में असंतोष देखा जा रहा है। समर्थकों ने इस बारे में मुख्यमंत्री सह बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक का ध्यानाकर्षित करते हुए संबलपुर जिला से लगातार दो बार किसी को मंत्री नहीं बनाने पर असंतोष जताया है।
बीजद के मानेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष गोपीरंजन बेहरा ने बताया है कि संबलपुर जिला में रोहित पुजारी के जिला अध्यक्ष बनने के बाद से बीजद मजबूत हुआ है। जिला परिषद और विधानसभा चुनावों में बीजद को जीत मिलनी शुरू हुई। इसके बावजूद रोहित पुजारी या संबलपुर जिला के अन्य किसी विधायक को मंत्री पद नहीं मिल रहा। कभी युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे रोहित पुजारी जब बीजद में शामिल हुए थे तब संबलपुर में बीजद खस्ताहाल में थी। भाजपा और कांग्रेस मजबूत स्थिति में थे।
लेकिन रोहित के नेतृत्व में बीजद को मजबूती मिली और वर्ष 2012 के जिला परिषद चुनाव में पहली बार बीजद का जिला अध्यक्ष बना। वर्ष 2014 और 2019 के रेढ़ाखोल विधानसभा चुनाव में भी रोहित ने कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों को हरा कर विधायक बने। लेकिन ऐसे नेता को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करना संबलपुर और रेढ़ाखोल के लिए दुखद है। इस बार की जीत के बाद रेढ़ाखोल के मतदाताओं को भरोसा था कि रोहित को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप