संबलपुर में 17 के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का मामला
लॉकडाउन के दसवें दिन संबलपुर जिला के पांच थाना क्षेत्रों की पुलिस ने नियम उल्लंघन के अलग-अलग मामलों में 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 6 बाइक 10 लीटर खुली देसी शराब के साथ 20 पाउच जब्त किए।
संवाद सूत्र, संबलपुर : लॉकडाउन के दसवें दिन संबलपुर जिला के पांच थाना क्षेत्रों की पुलिस ने नियम उल्लंघन के अलग-अलग मामलों में 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 6 बाइक, 10 लीटर खुली देसी शराब के साथ 20 पाउच जब्त किए।
डीएसपी हिमांशु बेहरा के अनुसार, शुक्रवार को टाउन पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ तीन मामले दर्ज कर तीन बाइक जब्त किया। ये सातों लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर बाइक से शहर में घूम रहे थे। इसी तरह, धनुपाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ बेवजह घूमने का मामला दर्ज कर एक बाइक जब्त किया। खेतराजपुर और हीराकुद पुलिस ने दो-दो लोगों को बेवजह घूमने के आरोप में पकड़ने समेत दो बाइक को जब्त किया है।
अईंठापाली पुलिस ने एक व्यक्ति को 10 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया, जबकि हीराकुद पुलिस ने अन्य एक को देसी शराब के 20 पाउच के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा, खेतराजपुर पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान होटल खोलने के आरोप में एक को गिरफ्तार किया।
राउरकेला में 1080 लीटर देसी शराब के साथ बोलेरो जब्त
राउरकेला पुलिस एवं आबकारी विभाग की ओर से की गई कार्रवाई में 1080 लीटर देसी शराब के साथ एक बोलेरो को जब्त किया गया है। हालांकि आरोपित फरार होने में कामयाब रहे।
पुलिस के अनुसार, झारखंड-ओडिशा सीमा के अंकुरपाली से बोलेरो देसी शराब लेकर राउरकेला के माल गोदाम के लिए निकली थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने आबकारी टीम के साथ उदितनगर ओवर ब्रिज के पास घेराबंदी की और बोलेरो को पकड़ लिया। इसी बीच पुलिस की नजर बचाकर चालक भाग निकला। वाहन से 1080 लीटर शराब बरामद की गई। बताया जाता है कि शराब बिसरा थाना से 30 किलोमीटर दूर ओडिशा- झारखंड सीमा पर अंकुर पल्ली करिया छप्पल में तैयार कर राउरकेला के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी आपूíत की जाती थी। तीन दिन पहले पुलिस द्वारा करिया छप्पल से लायी जा रही 640 लीटर अवैध शराब के साथ इंडिका को पकड़ा गया था। तत्समय भी चालक फरार हो गया था।