पेट्रोल व डीजल की दर वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
देश में पेट्रोल डीजल व रसोई गैस के निरंतर बढ़ते दामों के विरोध में शुक्रवार को नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार पंडा के नेतृत्व में लमटीबहाल स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के समक्ष प्रदर्शन किया गया।
संसू, ब्रजराजनगर : देश में पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के निरंतर बढ़ते दामों के विरोध में शुक्रवार को नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार पंडा के नेतृत्व में लमटीबहाल स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के समक्ष प्रदर्शन किया गया। प्रफुल्ल कुमार पंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गलत नीतियों के कारण आज पेट्रोल पदार्थो का दाम आसमान छू रहा है। इससे मध्यम वर्ग व गरीब लोगों का जीवन यापन दूभर हो गया है। मौके पर नगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद पंडा, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष देवेश पंडा, दल के वरिष्ठ सदस्य रामदास पंडा, जगदीश पुरोहित, मंतोष शर्मा, सुनील दास, सुरेंद्र साहू, राजेश सहिस, रविन्द्र सिंह आदि मौजूद थे।
खाना बनाने के दौरान लगी आग में महिला की मौत, पति भी झुलसा
संसू, ब्रजराजनगर : जिले के लखनपुर ब्लॉक के रेंगाली थाना अंतर्गत 19 खंड मौजा के चारपाली गांव में साड़ी में आग लगने से महिला की मौत हो गई। वहीं आग बुझाने के प्रयास में उसका पति भी गंभीर रूप से झुलस गया। जानकारी के मुताबिक, बुधवार की शाम खाना बनाते समय सुरेखा की साड़ी में आग लग गई। जब तक वह उसे बुझाती वह करीब 80 प्रतिशत जल जल गई। पत्नी को जलते देख उसके पति नरेश गड़तिया ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। इस दौरान उसके हाथ, पैर तथा छाती झुलस गये। दोनों को अविलंब पहले लखनपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां गंभीर हालत देखते हुए उन्हें झारसुगुड़ा सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां देर रात सुरेखा की मौत हो गई जबकि नरेश का इलाज चल रहा है। सूचना पाकर रेंगाली थाने की कंडेइकेला पुलिस चौकी प्रभारी सुशांत किसान ने अस्पताल पहुंचकर सुरेखा के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है तथा नरेश भी इस बारे में कुछ भी बोलने मे असमर्थ था। सुरेखा की मौत एक हादसा है अथवा उसे जलाने का प्रयास किया गया है इसका खुलासा तो जांच के बाद ही हो सकने की बात रेंगाली थाना प्रभारी सारंगधर पाणिग्राही ने कही है ।