Odisha: पत्नी व बेटियों पर हमला कर खुद का गला रेता, बेटी और पिता की मौत
Odisha 50 वर्षीय सुखू कुजूर ने धारदार हथियार (चापड़) से 35 वर्षीय पत्नी इतावरी 15 वर्षीय बेटी बिरसी सात वर्षीय बेटी गांगी तीन वर्षीय बेटी सालमी और दो वर्षीय बेटी फूल पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद खुद का गला रेत लिया।
जागरण संवाददाता, बामड़ा (संबलपुर)। ओडिशा में संबलपुर के बामड़ा प्रखंड की किनाबगा पंचायत अंतर्गत जौतुकबहाल गांव में शुक्रवार की आधी रात 50 वर्षीय सुखू कुजूर ने धारदार हथियार (चापड़) से 35 वर्षीय पत्नी इतावरी, 15 वर्षीय बेटी बिरसी, सात वर्षीय बेटी गांगी, तीन वर्षीय बेटी सालमी और दो वर्षीय बेटी फूल पर जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद खुद का गला रेत लिया। मौके पर ही सालमी और अस्पताल ले जाने के क्रम में सुखू कुजूर की मौत हो गई। वहीं, 12 वर्षीय पुत्र तुसार ने भाग कर जान बचाई। शनिवार की सुबह स्वजन और पड़ोसियों की सूचना पर गरपोष पुलिस चौकी इंचार्ज देबराज प्रधान, थाना अधिकारी प्रताप राणा, कुचिंडा एसडीपीओ राजकिशोर मिश्र मौके पर पहुंचे। गरपोष स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद घायल पत्नी और बच्चों को सुंदरगढ़ जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहीं, सुखू कुजूर ने सुंदरगढ़ से बुर्ला मेडिकल अस्पताल ले जाने के क्रम में दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, सुखू कुजूर पांच जून को कोरोना संक्रमित पाया गया था। इसके बाद बाद होम क्वारंटाइन में था। शुक्रवार की शाम सात बजे उसकी दूसरी पत्नी इरावती और बेटी बिरसी ने उसे खाना दिया। आधी रात को उसने चापड़ से चार बेटियों व पत्नी पर हमलाकर खुद का गला रेत लिया। पति व पत्नी में संबंध अच्छे थे। आर्थिक तंगी के कारण वह कुछ दिनों से तनाव में था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। कोरोना के चलते बेरोजगार था। संक्रमित होने के बाद तनाव में रहने लगा था। कुछ दिन पहले उसने अपने परिचित से एक हजार रुपये उधार मांगी थी। सुखू की पहली पत्नी का बेटा सुंदरगढ़ में रहता है। घटना के दौरान पहली पत्नी ने बच्चों के साथ दूसरे कमरे में भाग कर जान बचाई। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। इस घटना के संबंध में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।