सड़क हादसे में प्रौद्योगिकी विवि के तीन छात्र समेत पांच घायल
शनिवार की रात बुर्ला थाना अंतर्गत महानदी कोलफील्डस लिमिटेड के आनंद विहार के निकट दो बाइक के बीच हुई आमने सामने की भिडंत में पांच लोग घायल हो गए।
संवाद सूत्र, संबलपुर : शनिवार की रात बुर्ला थाना अंतर्गत महानदी कोलफील्डस लिमिटेड के आनंद विहार के निकट दो बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन को वीर सुरेंद्र साय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का छात्र बताया गया है। जबकि अन्य दो घायलों में एक महिला और एक पुरुष हैं। घायलों में से दो की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए बुर्ला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एमसीएल के कर्मचारी मनोरंजन षाड़ंगी और एक महिला बाइक से आनंद विहार से निकलकर जागृति विहार की ओर जा रहे थे। तभी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के तीन छात्र बाइक से हाईवे की ओर से वापस लौट रहे थे। दोनों बाइक के बीच आमने-सामने की भिडंत हो गयी और यह हादसा हुआ। इस हादसे में विश्वविद्यालय के प्रोडक्शन इंजीनियरिग विभाग के द्वितीय वर्ष के सुधांशु नायक, भरत महांती और सुज्ञान समेत एमसीएल के कर्मचारी मनोरंजन षाड़ंगी और उनके साथ बाइक में सवार महिला घायल हो गए।