संबलपुर में 411 स्वास्थ्यकर्मियों को लगा कोविड का टीका
संवाद सूत्र संबलपुर कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए संबलपुर जिला में भी शनिवार से टीकाक
संवाद सूत्र, संबलपुर : कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए संबलपुर जिला में भी शनिवार से टीकाकरण अभियान शुरू हुआ। जिले के सात टीकाकरण केंद्रों में अपराह्न चार बजे तक 411 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया।
संबलपुर जिला अस्पताल में, उत्तरांचल राजस्व आयुक्त निरंजन साहू ने टीकाकरण का शुभारंभ किया। मौके पर संबलपुर जिलाधीश शुभम सक्सेना, उत्तरांचल पुलिस डीआइजी नरसिंह भोल, जिला पुलिस अधीक्षक बाटुला गंगाधर, संबलपुर मंडल वन अधिकारी डा.संजीत कुमार और जिला मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शशिभूषण पटेल उपस्थित थे। अस्पताल में कोरोना का पहला टीका सफाई कर्मचारी कैलाश सुना को लगाया गया। इसके बाद पंजीकृत स्वास्थ्य कर्मियों को एक एककर टीका लगाया गया। शाम चार बजे तक जिला अस्पताल में 106 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जा चुका था।
उधर, बुर्ला स्थित वीर सुरेंद्र साय इंस्टिट्यूट ऑ़फ साइंस एंड रिसर्च संस्थान में कोरोना का पहला टीका हॉस्पिटल की अधीक्षक डा. जयश्री दोरा को लगाया गया। यहां शाम चारबजे तक 82 स्वास्थ्यकर्मियों को यह टीका लगाया गया था। जिले के रेढ़ाखोल उपसंभागीय अस्पताल में पहला टीका अस्पताल की डा. सुनीता ब्रह्मा को लगाया गया। इस अवसर पर रेढ़ाखोल उपजिलाधीश पद्मनाभ बेहेरा और उपसंभागीय चिकित्साधिकारी डा. बिपिनबिहारी साहू उपस्थित थे। यहां शाम चार बजे तक 55 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण हो चुका था।
कुचिडा उपसंभागीय अस्पताल में शाम चार बजे तक 56 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण हुआ था। पहला टीका अस्पताल के डा. पद्मलोचन महंत को लगाया गया। हीराकुद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुल 58 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण हुआ। यहां पहला टीका डा. मनोज नंद को लगाया गया। इसी तरह, स्थानीय अईंठापाली शहरांचल स्वास्थ्य केंद्र में शाम में शाम चार बजे तक 23 और धनकौड़ा शहरांचल स्वास्थ्य केंद्र में 54 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जा चुका था।