झारसुगुड़ा जिले में फिर मिले 10 कोरोना पॉजिटिव
संसू ब्रजराजनगर जिले में संक्रमितों में हो रही वृद्धि थमने का नाम नही ले रही। शुक्रवार क
संसू, ब्रजराजनगर : जिले में संक्रमितों में हो रही वृद्धि थमने का नाम नही ले रही। शुक्रवार को भी जिले में 10 नए संक्रमितों की पहचान की गई है। झारसुगुड़ा के डीआइडीटी क्वारंटाइन केंद्र से मिली 21 वर्षीय महिला पिछली 26 तारीख को पंजाब से लौट कर अपने घर मे दो दिनों तक रही थी, बाद में उसे क्वारंटाइन किया गया था। इस अवधि में उसके अनेक लोगो के संपर्क में आने की जानकारी मिली है। इसी तरह मेघदूत होटल में क्वारंटाइन 52 वर्षीय महिला भी पॉजिटिव मिली है। वह तमिलनाडु से आई थी। इसी तरह बेलपहाड़ कॉलेज में बने क्वारंटाइन सेंटर में पांच संक्रमितों की पहचान की गई है। इनमें गोमांडेरा नुआपाड़ा की 33 वर्षीय महिला तथा उसकी एक वर्षीय बच्ची शामिल है। दोनों पहले से संक्रमित पाई गई मिरधाडेरा कि एक महिला के संपर्क में आई थी। इसी तरह यहां से महिजोर का 52 वर्षीय पुरुष, जो पहले से संक्रमित के संपर्क में आया था तथा तेलेंगाना से लौटे झंडापाडा का एक 26 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। गोमाडेरा की एक 26 वर्षीय महिला जो 28 जून को पश्चिम बंगाल से लौटी थी। अंफन ड्यूटी के लिए बंगाल गये एक 28 वर्षीय युवक को भी संक्रमित पाया गया । वेदांत के क्वारंटाइन सेंटर से एक 59 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई जो पहले से संक्रमित के संपर्क में आई थी। इसी तरह ब्रजराजनगर के ईब पिट में महाराष्ट्र से लौट कर होम क्वारंटाइन में रह रहे एक 26 वर्षीय युवक को भी पॉजिटिव पाया गया है।
जिले मे कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने जुलाई के प्रत्येक शनिवार व रविवार को जिले में शट डाउन की घोषणा की है। इस दौरान दवा, दूध, पशु खाद्य व हरी सब्जी की दुकानें छोड़कर अन्य दुकानें दो दिनों के लिए बंद है। दमकल, जल वितरण, विद्युत, सफाई, पेट्रोल पंप तथा मीडियाकर्मियों को छूट दी गई है। जिलाधीश सरोज कुमार सामल ने जिलेवासियों से अनुरोध किया है कि वे स्वयं तथा अपने परिवार की भलाई के लिए शटडाउन का पालन करे ।