किन्नरों को राहत सामग्री पहुंचाने में जुटीं जोया
कोरोना महामारी के कारण राज्य सरकार की ओर से लोगों को बचाने के लिए लॉकडाउन व साप्ताहिक शटडाउन घोषित किया गया है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : कोरोना महामारी के कारण राज्य सरकार की ओर से लोगों को बचाने के लिए लॉकडाउन व साप्ताहिक शटडाउन घोषित किया गया है। इससे सुंदरगढ़ जिले में रहने वाले ट्रांसजेंडर व किन्नरों की आमदनी पूरी तरह से ठप हो गई है। इसे ध्यान में रखते हुए सुंदरगढ़ ट्रांसजेंडर एंड किन्नर एसोसिएशन की अध्यक्ष जोया त्रिपाठी का उनके बीच राहत सामग्री वितरण अभियान जारी है। शुक्रवार को जोया ने फर्टिलाइजर, लाठीकटा औऱ बणई अंचल के कुल 24 ट्रांसजेंडर और किन्नरों को राशन सामग्री प्रदान कर उन्हें राहत पहुंचाने का प्रयास किया। जोया ने सप्ताह भर पहले राउरकेला, वेदव्यास, राजगांगपुर और सुंदरगढ़ में रहने वाले 26 ट्रांसजेंडर और किन्नरो को राशन सामग्री पहुंचाई थी। इनको सरकारी सहायता दिलाने के लिए भी जोया प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि जिले के ट्रांसजेंडर और किन्नरों को रोजगार मिले, इसके लिए भी प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि कुछ न कुछ रास्ता जरूर निकलेगा। बारिश से पानपोष मार्केट का हाल बेहाल : चक्रवात यास ने शहर के कई इलाकों में कहर बरपाया है। चक्रवात के प्रभाव में लगातार हुई बारिश में पानपोष मार्केट में जगह-जगह जलजमाव के कारण पूरा आलू-प्याज बाजार सहित पूरा मार्केट अंचल कीचड़मय हो गया है। इस कारण शुक्रवार को यहां खरीदारी करने आए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरा मार्केट कीचड़ मय होने से कई लोग फिसल कर गिरते नजर आए। साफ-सफाई के अभाव में मार्केट क्षेत्र में जमा नाली के पानी से बीमारी फैलने की आशंका जताते हुए दुकानदारों ने नगर निगम प्रशासन से समस्या का समाधान करने की मांग की है।