कोइड़ा में दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या
कोइड़ा थाना अंतर्गत सगड़भंगा गांव में एक महिला की दुष्कर्म के
जागरण संवाददाता, राउरकेला : कोइड़ा थाना अंतर्गत सगड़भंगा गांव में एक महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। सोमवार को पुलिस साइंटिफिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की है। महिला के दो मासूम बच्चों का बयान दर्ज किया गया है। पुलिस ने इसी आधार पर आरोपित की पहचान कर लेने का दावा किया है। फिलहाल आरोपित फरार है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
सगड़भंगा गांव निवासी सुकरु देहुरी राउरकेला के एक क्रसर में काम करता है। जबकि गांव में उसकी 26 वर्षीय पत्नी कइथ देहुरी, तीन एवं चार साल के बेटों के साथ रहती थी। पुलिस को रविवार को महिला की लाश मिलने की सूचना मिली थी। सोमवार को साइंटिफिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। कइथ के नाक से रक्त निकल रहा था और शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। पुलिस के अनुसार मासूम बच्चों ने बताया कि रात को गांव का अमित नामक युवक उसके घर आया था। बच्चों के इस बयान से इससे महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पति सुकरु ने भी इस संबंध में लिखत शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस लाश को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद घटना के विभिन्न पहलुओं पर छानबीन शुरू की है। आरोपित फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।