गोपोबंधुपल्ली में घर की दीवार ढही, युवक घायल
नगर अंतर्गत गोपोबंधुपल्ली के अमरनाथ मंदिर बस्ती में रहने वाले मनोज तांती के घर की दीवार बुधवार की रात ढह गई। इसकी चपेट में आने से मनोज के बेटे दीपक तांती (18) के कमर की हड्डी टूट गई है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : नगर अंतर्गत गोपोबंधुपल्ली के अमरनाथ मंदिर बस्ती में रहने वाले मनोज तांती के घर की दीवार बुधवार की रात ढह गई। इसकी चपेट में आने से मनोज के बेटे दीपक तांती (18) के कमर की हड्डी टूट गई है। परिवार वालों ने उसे राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए बुर्ला मेडिकल, संबलपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन परिवार के समक्ष उसके इलाज के लिए आर्थिक बाधा उत्पन्न हो गई है।
बुधवार की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो रहे थे। रात को अचानक कुछ गिरने की आहट सुनकर लोग उठे तो घर के एक कमरे की दीवार ढही पाई तथा दीवार के पास सोया दीपक उसके नीचे दब जाने से उसकी कमर की हड्डी टूट गई। रात को ही उसे इलाज के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन यहां पर इलाज की व्यवस्था नहीं होने के कारण बुर्ला रेफर कर दिया गया। सुबह उसे बुर्ला ले जाया गया। मनोज के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण उसके घर की एक दीवार कमजोर हो गई थी। दीवार मिट्टी की थी, इस कारण लगातार बारिश होने से यह नरम हो जाने से रात को अचानक ढह गई। उसकी चपेट में उनका बेटा आ गया। हालांकि परिवार के दूसरे लोग इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। मनोज ने बताया कि गरीबी के कारण वह अपने बेटे के बेहतर इलाज के लिए सक्षम नही है। उन्होंने सरकार से आर्थिक मदद की मांग की है।