छेंड कालोनी की छात्रा की मौत की गुत्थी अनसुलझी
छेंड कालोनी के कलिग विहार क्षेत्र की आठवीं कक्षा की छात्रा का शव बुधवार की सुबह पानपोष ब्राह्मणी पुल के पास से बरामद किया गया था।
जासं, राउरकेला : छेंड कालोनी के कलिग विहार क्षेत्र की आठवीं कक्षा की छात्रा का शव बुधवार की सुबह पानपोष ब्राह्मणी पुल के पास से बरामद किया गया था। रेल पुलिस की ओर से इसकी छानबीन की जा रही है पर इसकी गुत्थी नहीं सुलझ सकी है।
कलिग विहार निवासी अशोक पंडित की 16 वर्षीय बेटी मनीषा कुमारी मंगलवार की दोपहर को घर से निकली थी और शाम तक वापस नहीं लौटी। खोजबीन के बाद पता नहीं चलने पर परिवार की ओर से छेंड थाने में मामला दर्ज कराया था। बुधवार की सुबह पानपोष में ब्राह्मणी नदी पर बने अस्थाई पुल के पास पानी में लाश होने का पता चलने पर रेल पुलिस वहां पहुंची। परिवार के लोग भी वहां पहुंचे और शव की पहचान मनीषा के रूप में की। अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत नदी के ऊपरी भाग में हुई है एवं नदी की धार में बहकर वहां तक पहुंची। यह हत्या है या आत्महत्या, स्पष्ट नहीं हो पाया है।