दुष्कर्मियों के चंगुल से छूटी किशोरी बिजली तार के फंदे में फंसी
सुंदरगढ़ जिले के लहुणीपाड़ा थाना क्षेत्र के दलमकुचा जंगल में किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया गया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : सुंदरगढ़ जिले के लहुणीपाड़ा थाना क्षेत्र के दलमकुचा जंगल में किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पीड़िता किसी तरह उनके चंगुल से छूट कर भागने लगी। तभी जंगली सुअरों को फंसाने के लिए बिछाए गए बिजली की तार के फंदे में फंस गई जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संदर्भ शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त आटो को जब्त कर लिया है।
पीड़िता अपनी मां के साथ खेत में धान काटने के लिए गई थी। उसके खेत के पास ही फटाटांगर गांव के कुछ श्रमिक काम कर रहे थे। शाम को पीड़िता की मां पहले ही घर चली गई थी। किशोरी को अकेला पाकर फटाटांगर के श्रमिक उसे घर तक छोड़ने के बहाने आटो में बैठा लिया। दलमकुचा गांव का राजन मुंडा व एक किशोर था। रास्ते में उसने अपने और साथी अजीत मुंडा, अभिलाष मुंडा को बुला लिया। चारों उसे हनुमान मंदिर के पास छोड़ने के बहाने पास के जंगल में ले गए एवं उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी किसी तरह उनके चंगुल से छूट कर भागने लगी पर वह खेत में बिछाए गए बिजली की तार के संपर्क में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। ग्रामीणों को इसका पता चलने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। परिवार वालों की शिकायत पर राजन मुंडा, अजीत मुंडा, अभिलाष मुंडा व एक किशोर को पकड़ा गया। सभी आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।