दक्षिण ओडिशा विकास परिषद गठित
जागरण संवाददाता, राउरकेला : शहर व आसपास के इलाके में निवास करने वाले दक्षिण ओड़िशा
जागरण संवाददाता, राउरकेला :
शहर व आसपास के इलाके में निवास करने वाले दक्षिण ओड़िशा के ढाई लाख से अधिक प्रवासियों को एकजुट करने एवं उनके हित में काम करने के उद्देश्य से दक्षिण ओड़िशा विकास परिषद का गठन किया गया है। बुधवार को होटल श्याम वृंदावन में इसकी घोषणा की गई।
परिषद के महासचिव मनोज पात्र, अध्यक्ष सुरेन्द्र नाथ प्रधान ने पत्रकारों को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि परिषद की ओर से दक्षिण ओड़िशा वासियों को सुविधा दिलाने के लिए काम किया जायेगा। मुख्य रूप से ब्रह्मपुर के लिए ट्रेन नहीं होने के कारण लोगों को भुवनेश्वर के बाद बस की मदद लेनी पड़ती है। इससे महिला, वृद्ध, बच्चे व दिव्यांगों को अधिक परेशानी हो रही है। राज्यरानी एक्सप्रेस का ब्रह्मपुर तक संप्रसारण की मांग की जायेगी। इसके अलावा अन्य समस्याओं की ओर से भी विभिन्न विभाग के अधिकारियों का ध्यानाकृष्ट किया जायेगा। परिषद में सलाहकार के रूप में चितरंजन दास, दिगंबर महंती, महेश्वर महापात्र, सहायक सचिव अरुणा पात्र एवं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भारती घोषाल, कमेश्वरी राव, सदस्य के रूप में जयराम नायक, लक्ष्मीकांत पात्र, गणेश पात्र, मुना पात्र को शामिल किया गया है।