नक्सली बताकर वसूली करने में आरोपित दो गिरफ्तार
नक्सली बता कर कैंप से रुपया लूटने के आरोप में पुलिस ने एक बोलेरो के जब्त करने के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट चालान कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केबलांग थाना अंतर्गत बिमलागढ़ में आरकेडी संस्था का एक कैंप है। इस कैंप में संस्था के कर्मचारीयों के लिए रहने के साथ ही यहां एनएच-215 मरम्मत करने का सामान रखा जाता है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : नक्सली बता कर एक ठेका संस्था के कैंप से रुपया लूटने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट चालान कर दिया। इस मामले में एक बोलेरो को जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार केबलांग थाना अंतर्गत बिमलागढ़ में आरकेडी नामक ठेका संस्था का एक कैंप है। जहां संस्था के कर्मचारियों के लिए रहने के आवास सहित एनएच-215 मरम्मत करने का सामान रखा जाता है। काम के समय यहां से सामान भेजा जाता है। दो दिन पूर्व देर रात एक बोलेरो में सवार चार युवक कैंप में पहुंचे और कर्मचारियों को लोहे की छड़ व पाइप पिटाई शुरू कर दी। युवक खुद को नक्सली बताकर कर्मचारियों से रुपया देने की मांग कर रहे थे। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इन सबके बीच युवक ने कर्मचारियों का दो मोबाइल और नकद आठ हजार रुपया लूट कर फरार हो गए।
सूचना पाकर केबलांग पुलिस घटना स्थल पहुंच कर जांच करने के दौरान लुटेरों द्वारा छोड़ी गई बोलेरो को जब्त कर लिया था। उसी बोलेरो की सहायता से पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों का पता लगा लिया। गुप्त सूत्रों से पुलिस को इन युवकों के एक सूनसान जगह में छिपे होने की जानकारी हुई। जिसके आधार पर पुलिस उक्त जगह पर छापेमारी की और केबलांग थाना अंतर्गत ठेलाकुदर गांव निवासी सोमा मुंडा के वर्षीय बेटे कुशल मुंडा और झारखंड के मनोहरपुर थाना अंतर्गत पिला गांव निवासी धनमासी लाकड़ा के 45 वर्षीय बेटे विमल लाकड़ा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि इनके अन्य दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनका कोर्ट चालान कर दिया। जहां जमानत खारिज होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।