राष्ट्रीय जूनियर हॉकी कैंप में ओडिशा की पांच खिलाड़ी
बेंगलुरु के साईं सेंटर में एक से 27 अप्रैल तक भारतीय जूनियर महिला हॉकी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। बेंगलुरु के साई सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी के प्रशिक्षण एवं चयन शिविर में राउरकेला स्थित पानपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल की पांच खिलाड़ियों भाग लेने का मौका मिला है। लंबे अर्से बाद ओडिशा से गोलकीपर कुमुदिनी को शिविर में शामिल किया गया है। बेंगलुरु के साईं सेंटर में एक से 27 अप्रैल तक भारतीय जूनियर महिला हॉकी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है।
इसमें देश भर के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 60 खिलाड़ी शामिल होंगे। जिसमें ओडिशा की पांच खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इसमें मिड फिल्डर मरियाना कुजूर, अजमिना कुजूर, फुल बैक फिलिसिया टोप्पो, फॉरवार्ड जीवन किसरी टोप्पो एवं गोलकीपर कुमुदिनी लकड़ा शामिल हैं। ये पांचों खिलाड़ी राउरकेला स्पोर्ट्स हॉस्टल के कोच मिल्टन बिलुंग से प्रशिक्षण ले रही थी। करीब दस साल बाद जूनियर हॉकी टीम के प्रशिक्षण शिविर में ओडिशा की गोलकीपर कुमुदिनी लकड़ा को चुना गया है। उन्होंने इन सभी खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन होने के कारण शिविर में उनके सफल होनक की कामना की है।