कोरोना प्रभावित अंचल को किया गया सैनिटाइज
सेक्टर-16 अंचल के एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति के कारण बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग कोरोना संक्रमण के शिकार हो गए हैं।
जासं, राउरकेला : सेक्टर-16 अंचल के एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति के कारण बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग कोरोना संक्रमण के शिकार हो गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा उक्त सुपर स्प्रेडर को पकड़ने के बाद से सेक्टर-16 अंचल, बासंती कॉलोनी और सेक्टर-5 गोलघर अंचल को राउरकेला महानगर निगम (आरएमसी) की ओर से सैनिटाइज करने के कार्य मे तेजी लाई गई है। आरएमसी कर्मचारी पीपीई किट पहन कर इन तीनों अंचलों को सैनिटाइज करने में लगे हुए है। साथ ही लोगों को घरों से नहीं निकलने, मास्क पहनने एवं शारीरिक दूरी रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। बस से आने वालों पर नजर रखेगी कोविड प्रबंधन कमेटी :
राउरकेला नगर प्रशासन की ओर से राज्य के 14 जिलों से आने वालों को क्वारंटाइन में भेजने का निर्देश दिया गया है। लेकिन संबंधित जिलों से आने वाले लोग सीधे घर जा रहे हैं। इसकी शिकायत मिलने के बाद उन पर नजर रखने के लिए कोविड प्रबंधन कमेटी का गठन किया गया है। राउरकेला नगर प्रशासन की ओर से खुर्दा, भद्रक, पुरी, बलांगीर, गंजाम, झारसुगुड़ा, जाजपुर, मयूरभंज, नयागढ़, क्योंझर, गजपति, जगतसिंहपुर समेत 14 जिलों से लौटने वालों को क्वारंटाइन में भेजने का निर्देश जारी किया गया है। इन क्षेत्रों से आने वालों को पहले बीपीयूटी जाकर पंजीकरण एवं स्वास्थ्य की जांच करानी होगी। लक्षण पाए जाने पर उनके नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने तक उन्हें सरकारी क्वारंटाइन सेंटर या अपने पैसे से होटल में क्वारंटाइन रहना होगा। रिपोर्ट निगेटिव मिलने पर व्यक्ति को होम क्वारंटाइन में भेजा जाएगा। इस निर्देश का उल्लंघन किए जाने की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने कोविड प्रबंधन कमेटी का गठन किया गया है जिसके सदस्य संबंधित जिलों से आने वाले यात्रियों पर नजर रखने के साथ उसके संपर्क में आए लोगों का नाम-पता आदि दर्ज किया जाएगा। एडीएम अबोली सुनील नरवाने ने आम जनता से सहयोग का अनुरोध किया है।