नागेश ब्रदर्स ने प्रशासन को दिखाया आइना
बिरसा चौक से लेकर बंडामुंडा तक सड़क की हालत जर्जर होने
जागरण संवाददाता, राउरकेला : बिरसा चौक से लेकर बंडामुंडा तक सड़क की हालत जर्जर होने के कारण सड़क में हजारों गड्ढे बन गए हैं। जिसके कारण इस मार्ग से रोज यातायात करने वाले लोग इस गड्ढे के कारण दुघर्टना का शिकार हो रहे है। कई लोगों को अस्पताल में इलाज भी कराना पड़ा है। यह देखते हुए बंडामुंडा के नागेश ब्रर्दस संस्था के युवा सदस्यों ने लोगों को दुघर्टना से बचने के लिये शनिवार को गड्ढों को भरने का कार्य शुरू किया।
इस संबंध में बंडामुंडा डी केबीन निवासी तथा सामाजिक संस्था नागेश ब्रर्दस संस्था से जुडे नागेश जगदला ने बताया कि बिसरा चौक स्थित सहयोग पेट्रोल पंप से लेकर बंडामुंडा मार्ग जाने वाली सड़क की हालत जर्जर होने के कारण जहां तहां गड्ढे बन गए है। इस मार्ग से बिसरा, बंडामुंडा तथा राउरकेला के लोग यातायात करते है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण रोजाना कोई ना कोई व्यक्ति दुघर्टना का शिकार हो रहा है। जिससे कई लोगों को सरकारी अस्पताल से लेकर निजी अस्पताल में इलाज कराना पड़ा है।
शनिवार को इस संस्था से जुड़े युवकों ने अपने खर्च पर सड़क पर बने गड्ढों को भरकर समतल करने का कार्य शुरू किया। नागेश ने बताया कि इस संबंध में राउरकेला महानगर निगम के विभागीय अधिकारी को सूचित कर शीघ्र इस मार्ग के सड़क को बनवाने का अनुरोध भी किया।
इधर, जनहित में शुरू किए गए कार्य की लोगों ने सराहना की। इस कार्य में संस्था से जुड़े अन्य सदस्यों में घनश्याम कुमार, रमेश ठाकुर, शंभू जोशी, सरोज महतो, विक्की कुमार, बाबुना, पंचम, राजु तथा सिकंदर ने सहयोग किया।