प्रवासी श्रमिकों को मिली घर वापसी की अनुमति
लॉकडाउन में फंसे पश्चिम बंगाल व झारखंड के 80 श्रमिकों को उनके घर जाने की अनुमति मिल गई है।
जासं, राउरकेला : लॉकडाउन में फंसे पश्चिम बंगाल व झारखंड के 80 श्रमिकों को उनके घर जाने की अनुमति मिल गई है। इन्हें सीमा तक पहुंचाने का प्रबंध जिला प्रशासन की ओर से किया जाएगा। लॉकडाउन में फंसे श्रमिकों को सुंदरगढ़ के माद्रीकालो भवन में बने अस्थायी आश्रय स्थल में रखा गया था। लॉकडाउन की अवधि फिर बढ़ा दिए जाने पर श्रमिकों ने प्रशासन से घर लौटने का प्रबंध करने का अनुरोध किया था। उपजिलापाल अभिमन्यु बेहरा ने जिलापाल से इस संबंध में चर्चा करने के बाद सभी को घर जाने की अनुमति दे दी है। प्रशासन की ओर से उनके राज्य की सीमा तक पहुंचाने का प्रबंध किया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिले के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है एवं श्रमिकों की सूची छानबीन के लिए उन्हें दी गई है।