उप्र के कैडेटों ने किया पुरी, कोर्णाक भ्रमण
एनसीसी नवम ओडिशा बटालियन राउरकेला की मेजबानी में अखिल भारतीय स्तर पर एक भारत-श्रेष्ठ भारत कैंप में ओडिशा के विभिन्न जिलों से पांच सौ एवं उत्तरप्रदेश एनसीसी निदेशालय से सौ कैडेट शामिल हो रहे हैं। यहां यह कैंप 15 दिसंबर तक चलेगा। बाहर से आये कैडेटों का ओडिशा के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : एनसीसी नवम ओडिशा बटालियन राउरकेला की मेजबानी में अखिल भारतीय स्तर पर एक भारत-श्रेष्ठ भारत कैंप में ओडिशा के विभिन्न जिलों से पांच सौ एवं उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय से सौ कैडेट शामिल हो रहे हैं। यहां यह कैंप 15 दिसंबर तक चलेगा। बाहर से आए कैडेटों का ओडिशा के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है।
कैंप कमांडेंट सुखवीर सिंह तथा डिप्टी कमांडेंट वी. वेंकटेश व कैंप अर्जुटेंट कैप्टन एसएन राउत की देखरेख में यह कैंप चल रहा है। कैंप में शामिल उत्तर प्रदेश के 50 बालक व 50 बालिका कैडेटों को 8 दिसंबर को पुरी, कोर्णाक, भुवनेश्वर आदि क्षेत्र के पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए रवाना किया गया। बस से भ्रमण के बाद वे मंगलवार की रात को वापस लौटे। ओडिशा के विभिन्न जिलों से यहां आए कैडेटों को राउरकेला के वैष्णो देवी मंदिर, वेदव्यास मंदिर, हनुमान वाटिका समेत अन्य पर्यटन स्थलों का अलग अलग ग्रुप में भ्रमण कराया जा रहा है। राउरकेला इस्पात संयंत्र में उत्पादन एवं माल बाहर भेजने आदि की जानकारी के लिए भी कैडेटों को संयंत्र के अंदर भेजा जा रहा है। कैंप में बुधवार को सिविल डिफेंस की ओर से आत्म रक्षा एवं आपात कालीन स्थिति में बचाव संबंधित करतब दिखाये गये। इससे पहले सफाई एवं अन्य जागरूकता अभियान कैडेटों की ओर से चलाया गया।