गरीबों व किसानों की है हमारी सरकार: नवीन पटनायक
मुख्यमंत्री ने 297 करोड़ रुपये की लागत से बने रुकुड़ा जल सिंचाई परियोजना का उद्घाटन किया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। हमारी सरकार गरीबों व किसानों की सरकार है। उक्त बातें सुंदरगढ़ जिले के बणई अनुमंडल के राधा धरणीधर हाईस्कूल के मैदान में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कही। मुख्यमंत्री ने 297 करोड़ रुपये की लागत से बने रुकुड़ा जल सिंचाई परियोजना का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री भुवनेश्वर से राउरकेला विमान मार्ग से पहुंचने के बाद विशेष हेलीकॉप्टर से वे बणई पहुंचे। निर्धारित समय से 40 मिनट देर से पहुंचे मुख्यमंत्री ने बणई में 29 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा किसानों के हितों की हर हाल में रक्षा होगी। वर्ष 2000 में सिंचाई के लिए 850 करोड़ रुपये की योजना थी। जिसे बढ़ाकर 10,200 करोड़ कर दिया गया है। वहीं आगामी पांच वर्ष में इसे 25 हजार करोड़ रुपये करने की योजना है। किसानों के अलावा केंदुपत्ता मजदूरों के सामूहिक विकास के लिए उनके उत्पादित उत्पादों का दर बढ़ाया जाएगा।
2014 में सरकार ने जो वायदा किया था दस हजार हेक्टेयर जमीन में सिंचाई की सुविधा की जाएगी, इस लक्ष्य को 2019 तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बणई, लहुणीपाडटा, कोइड़ा व गुरुंडिया में रहने वाले गरीब लोगो को बीजू पक्का घर योजना में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यहां से कुआरमुंडा ब्लाक के लिए भी 14 परियोजनाओें का शिलान्यास किया। समारोह में मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल ओराम भी मौजूद थे।