धर्मपरायण सोना मती देवी का हुआ अंतिम संस्कार
नगर क्षेत्र के भट्टा पाड़ा निवासी दिवंगत राम बहादुर सिंह की पत्नी सोना मती देवी का निधन हो गया है।
संसू, राजगांगपुर : नगर क्षेत्र के भट्टा पाड़ा निवासी दिवंगत राम बहादुर सिंह की पत्नी सोना मती देवी का निधन हो गया है। 85 वर्षिय सोना देवी कुछ दिनों से बीमार चल रहीं थी। शुक्रवार की शाम को उनकी तबीयत बिगड़ गई और अचानक उनका निधन हो गया। उनके निधन के समय तीनों बेटे बिजय सिंह, अजय सिंह, संजय सिंह सहित बेटियां ब्रिज कुमारी सिह व अनामिका सिंह मौजूद थे। शनिवार की सुबह स्थानीय लीपलोई नाले के समीप स्थित मुक्ति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। सोनामती देवी अपने जीवन काल में सदैव सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागी बनकर लोगों की मदद के लिए आगे रहती थीं।
दीपक की आग से झुलसी वूद्धा की अस्पताल में मौत : बालीशंकरा ब्लाक के सापडगर गांव में पूजा के दौरान दीपक से साढ़ी में आग लगने से झुलसी वृद्धा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस शव को जब्त करने के साथ ही अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है। 75 वर्षीय कसरा नायक गुरुवार की शाम को अपने घर के तुलसी चबूतरे में दीपक जला रही थी तभी उसकी साड़ी में आग लग गई एवं जब तक आग को बुझाया जाता तबतक शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया था। परिवार के लोग उसे अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बाइक की टक्कर से दो युवक जख्मी : बड़गांव थाना अंतर्गत महावीर चौक में बाइक की ठोकर से दो लोग जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भोईपाली गांव निवासी 50 वर्षीय विनोद मेहेर बाइक से घर लौट रहा था। तभी नुआरमाल निवासी 25 वर्षीय सुभाष किसान की बाइक पीछे से टकरा जाने से दोनों का संतुलन बिगड़ गया एवं गिरने से दोनों को गंभीर चोट लगी। उन्हें बड़गांव अस्पताल लाया गया जहां उनकी हालत नाजुक होने के कारण सुंदरगढ़ सदर अस्पताल स्थानांतरित किया गया।