छेड़खानी का विरोध करने पर महिला को पीटा, गंभीर
जागरण संवाददाता, राउरकेला : गोपबंधुपाली से शादी समारोह में शामिल होकर आधी रात को रेलवे कॉलोनी जा रही
जागरण संवाददाता, राउरकेला : गोपबंधुपाली से शादी समारोह में शामिल होकर आधी रात को रेलवे कॉलोनी जा रही महिला के साथ असामाजिक तत्वों ने छेड़खानी की और विरोध करने पर उसकी जमकर पिटाई कर दी। महिला को गंभीर हालत में राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की शिकायत पर गोपबंधुपाली चौकी की पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
रेलवे कॉलोनी अंचल निवासी 40 वर्षीय अनामी देवी रविवार की रात को शादी समारोह में शामिल होने के लिए गोपबंधुपाली आई थीं। शादी खत्म होने के बाद वह रात करीब डेढ़ बजे अकेली पैदल घर लौट रही थी तभी गोपबंधुपाली साइट रेलवे द्वितीय प्रवेश द्वार के पास से कुछ युवकों ने उसका पीछा किया। रेलवे कॉलोनी शिव मंदिर के पास उसके साथ छेड़खानी करने लगे। महिला ने जब इसका विरोध किया तब उसकी जमकर पिटाई कर दी। उसके चेहरे और शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट के निशान हैं। मारपीट करने के बाद आरोपित वहां से फरार हो गए। महिला किसी तरह घर पहुंची और इसकी जानकारी परिवार वालों को दी। उसकी हालत को देखते हुए परिवार के लोग उसे रात को ही राउरकेला सरकारी अस्पताल ले गए तथा सोमवार की सुबह गोपबंधुपाली पुलिस चौकी में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस इस घटना के विभिन्न पहलुओं पर छानबीन कर रही है हालांकि आरोपितों का सुराग अब तक नहीं लग पाया है।