श्रमिक स्पेशल ट्रेन से लौटे 47 प्रवासी श्रमिक
श्रमिक स्पेशल ट्रेन से सुंदरगढ़ जिले के 47 प्रवासी श्रमिक बुधवार को वापस लौटे। सुंदरगढ़ समेत संबलपुर जाजपुर मयूरभंज गंजाम कोलकाता समेत अन्य क्षेत्रों के श्रमिकों को बस व अन्य वाहनों से गृह क्षेत्र में भेजने का प्रबंध किया गया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : श्रमिक स्पेशल ट्रेन से सुंदरगढ़ जिले के 47 प्रवासी श्रमिक बुधवार को वापस लौटे। सुंदरगढ़ समेत संबलपुर, जाजपुर, मयूरभंज, गंजाम, कोलकाता समेत अन्य क्षेत्रों के श्रमिकों को बस व अन्य वाहनों से गृह क्षेत्र में भेजने का प्रबंध किया गया। यहां से पुणे-हटिया श्रमिक स्पेशल ट्रेन बुधवार की शाम को राउरकेला पहुंची जहां 47 प्रवासी श्रमिक उतरे। इनमें 18 सुंदरगढ़ जिले के हैं जिनमें दो राउरकेला, एक कोइड़ा, दो गुरुंडिया, पांच नुआगांव, एक लाठीकटा, सात कुआरमुंडा क्षेत्र के हैं। इसी तरह संबलपुर के दो, जाजपुर के पांच, गंजाम के एक, मयूरभंज के 14, कोलकाता के सात श्रमिक इसमें शामिल थे। राउरकेला रेलवे स्टेशन में सभी प्रवासी श्रमिकों की थर्मल स्क्रिनिंग की गई। इसके बाद उन्हें बस, बोलेरे व अन्य वाहनों से उनके गृह क्षेत्र में भेजने का प्रबंध किया गया। इस दौरान यहां नगर निगम तथा एडीएम कार्यालय के कर्मचारियों के साथ सिविल डिफेंस के कमांडर शुभेन्दु पंडा, प्लाटून कमांडर पीके दलई, अमित प्रसाद, परीक्षित बेहरा, गौतम घड़ई, एचके तांती, सत्यजीत साहू, नरेश जेना, प्रताप महापात्र समेत अन्य लोग शामिल थे।