कोरोना से निपटने में विफलता की जिम्मेदारी लें विधायक : कांग्रेस
राउरकेला नगर क्षेत्र में कोरोना का संक्रमण दिनों दिन बढ़ रहा है तथा इससे निपटने व व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन एवं सरकार विफल है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : राउरकेला नगर क्षेत्र में कोरोना का संक्रमण दिनों दिन बढ़ रहा है तथा इससे निपटने व व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन एवं सरकार विफल है। बीजू जनता दल एवं विधायक शारदा प्रसाद नायक को कांग्रेस में गुटबाजी पर टिप्पणी न कर विफलता की नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से यह मांग की गई है। मंगलवार को काग्रेस भवन में संगठन के नेताओं ने बताया कि 7 जून को बीजू जनता दल के कुछ नेताओं ने टिप्पणी की है कि कांग्रेस में गुटबाजी चल रही है। हम कांग्रेस कार्यकर्ताओं में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है। युवा कांग्रेस, छात्र कांग्रेस, महिला कांग्रेस से जुड़े लोग एक हैं। बीजद की ओर से कांग्रेस के कुछ लोगों में फूट डाल कर निजी स्वार्थ के लिए लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। विधायक भी लॉकडाउन व महामारी के समय लोगों की सेवा करने में पूरी तरह से विफल हैं। ऐसे में उन्हें इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए। कांग्रेस नेता सोमनाथ पंडा, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रदीप्त बेहरा, पूर्व छात्र कांग्रेस अध्यक्ष सौम्यरंजन नायक, सोशल मीडिया चेयरमैन संदीपन महापात्र, छात्र कांग्रेस संयोजक सुमित कंसारी, महिला कांग्रेस की लता नायक, तुलसी नाग, विनती बेहरा, बंटी जायसवाल प्रमुख उपस्थित थे।