किरीबुरु-बड़बिल रेललाइन का निर्माण शीघ्र
बड़बिल से किरीबुरु तक बहुप्रतीक्षित नई रेललाइन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने वाला है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : बड़बिल से किरीबुरु तक बहुप्रतीक्षित नई रेललाइन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने वाला है। 24.2 किलोमीटर रेललाइन निर्माण पर 705.17 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर मंडल के अधीन इस रेललाइन का सर्वे का काम चल रहा है। एक महीने के अंदर काम पूरा होने के बाद परियोजना का विस्तृत तथ्य, डीपीआर प्रस्तुत होगा तथा रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। बोर्ड की अनुमति के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस मार्ग के निर्माण से हल्दिया के साथ पारादीप बंदरगाह जुड़ जाएगा। इससे टाटा व विशाखापत्तनम की दूरी भी कम होगी। बरसुआं साइडिग से राउरकेला होकर आने वाली मालगाडियां बिमलागढ़ होकर किरीबुरु पहुंचेंगी।
बड़बिल से किरीबुरु रेललाइन को जोड़ने के लिए तीन साल पहले रेलवे बोर्ड की ओर से स्वीकृति मिली थी। इसका निर्माण पश्चिम ओड़िशा के आर्थिक विकास में सहायक होगा। केवल इतना ही नहीं हावड़ा-मुंबई रेलमार्ग में ट्रैफिक समस्या को भी कम किया जा सकेगा। किरीबुरु से बड़बिल तक 24.2 किलोमीटर लाइन का निर्माण होगा। इसके लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा सुंदरगढ़ के सांसद जुएल ओराम ने 2018 में प्रस्ताव रेलवे को दिया था। एक साल बाद 2019 में इसे रेलवे की ओर से स्वीकृति मिली। हाल ही में सांसद जुएल ओराम ने नई रेललाइन निर्माण से संबंधित जानकारी के लिए चक्रधरपुर रेल मंडल अधिकारी को भी पत्र लिखा था। मंडल अधिकारी ने इसकी प्रगति के संबंध में सांसद को अवगत कराया। साथ ही कोइड़ा-बड़बिल, झारसुगुड़ा- अंबिकापुर नई रेललाइन के संबंध में भी सांसद ओराम को मंडल से जवाब मिला है। कोइड़ा-बड़बिल मार्ग के सर्वे के लिए राशि स्वीकृत नहीं हुई है। अब कोइड़ा-बड़बिल के लिए कोई प्रस्ताव नहीं है। इसी तरह झारसुगुड़ा-अंबिकापुर नई रेललाइन का प्रस्ताव दक्षिण पूर्व रेलवे को देने की जानकारी रेल मंडल से दी गई है।