रायबोगा क्षेत्र में वाहनों की जांच तेज
शहर के साथ साथ रायबोगा एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की ओर से वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।
संवादसूत्र, बीरमित्रपुर : शहर के साथ साथ रायबोगा एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की ओर से वाहनों की जांच तेज कर दी गई है। हेलमेट व मास्क नहीं पहनने वालों को कड़ी चेतावनी दी जा रही है। बीरमित्रपुर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। बिना लाइसेंस के वाहन चलाने के साथ दो पहिया वाहन पर सवार लोगों के लिए हेलमेट अनिवार्य होने के बावजूद इसका पालन नहीं हो रहा है। ट्रिपल राइडिग, मोबाइल से बात करते एवं तेज रफ्तार वाहन चलाने, मास्क का इस्तेमाल नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। रायबोगा थाना की पुलिस की ओर से महुआटोली के पास वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में भी वाहनों की जांच की जा रही है। नियम का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना की चेतावनी देकर छोड़ा गया है। गीतांजलि ट्रेन से गिरने से मजदूर की मौत : शुक्रवार की सुबह मुंबई-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस से बिसरा स्टेशन पर एक मजदूर की ट्रेन से गिर जाने के कारण मौत हो गई। अर्जित माझी (20) नामक मृतक पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनापुर जिले के दादपुर गांव का निवासी था। वह मजदूरी करने के लिए कुछ दिनों पहले मुंबई गया था। लेकिन वहां काम नहीं मिलने पर वो मायूस होकर वापस अपने गांव को लौट रहा था। बिसरा स्टेशन के निकट ट्रेन से गिर गया। सूचना मिलने पर बंडामुंडा जीआरपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को जब्त कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ अर्जित के परिवार वालों को भी सूचित किया। खबर है कि अर्जित के परिवार के लोग बंडामुंडा के लिए रवाना हो गए हैं।