हाईमास्ट लाइट को लेकर सड़क पर उतरे राजगांगपुर वासी
नगर अंतर्गत जामपाली बाइपास में 12 वर्षों से बंद पड़ी हाई मास्ट लाइट की मरम्मत को लेकर राजगांगपुर जन जागृति मंच के बैनर तले गुरुवार को धरना-प्रदर्शन किया गया।
संसू, राजगांगपुर : नगर अंतर्गत जामपाली बाइपास में 12 वर्षों से बंद पड़ी हाई मास्ट लाइट की मरम्मत को लेकर राजगांगपुर जन जागृति मंच के बैनर तले गुरुवार को धरना-प्रदर्शन किया गया। पूर्व पार्षद देवरंजन बिनोद की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में सामाजिक संगठनों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जामपाली बाइपास में स्थित हाईवे पर 12 वर्ष पूर्व ओडिशा आयरन एंड स्टील की तरफ से एक हाई मास्ट लाइट लगवाई गई थी। ताकि शाम के समय यहां बसों से उतरने वाले यात्री सुरक्षित रहें। लेकिन प्रशासन की उपेक्षा के कारण कुछ दिनों बाद ही इसका जलना बंद हो गया। जिस जगह पर यह हाई मास्ट लाइट लगी है वह पंचायत क्षेत्र है। लेकिन पंचायत ने एनओसी देते हुए नगरपालिका के जिम्मे इसे सौंप दिया था। नगरपालिका ने वेस्को कार्यालय में सुरक्षा राशि भी जमा करा दिया। सारी औपचारिकता पूरी करने के बाद भी यह लाइट अबतक नहीं जल पाई है। और न ही तीन साल से जामपाली बाइपास से लीपलोई पुलिया तक सड़क के दोनों किनारे लगी स्ट्रीट लाइट जल रही है। शाम होते ही यहां अंधेरा छा जाता है। जिससे अक्सर लूटपाट की घटनाएं सामने आती हैं। धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर राजगांगपुर के विधायक सीएस राजन एक्का, नगरपालिका के कार्यपालक पदाधिकारी बिनोद बिहारी पंडा तथा बीडीओ पीयूष लोहार घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने इस मामले में सुंदरगढ़ उपजिलापाल अभिमन्यु बेहरा से बातचीत की। उपजिलापाल ने प्रदर्शनकारियों को एक माह के भीतर हाई मास्ट लाइट व स्ट्रीट लाइट जलाने का आश्वासन दिया है। धरना-प्रदर्शन में पवन गाडोदिया, पूर्व नगरपाल शशि रेखा सामल, बीजद के नगर अध्यक्ष राजेंद्र बेहरा, बेनेडिक्ट तिर्की, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष फइम अख्तर, ब्लॉक चेयरमैन बसंत टोप्पो, राजेंद्र लेंका, सुधीर साह, राजेंद्र महांती सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।