दंतैल हाथी ने दो घर ढहाये, परिवार के लोग बाल-बाल बचे
बणई वन मंडल क्षेत्र में दंतैल हाथी का उत्पात जारी है। सप्ताह भर के भीतर एक वन कर्मी को कुचल कर मारने के साथ ही इलाके में आधा दर्जन से अधिक घरों को तोड़ कर अनाज खा चुका है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : बणई वन मंडल क्षेत्र में दंतैल हाथी का उत्पात जारी है। सप्ताह भर के भीतर एक वन कर्मी को कुचल कर मारने के साथ ही इलाके में आधा दर्जन से अधिक घरों को तोड़ कर अनाज खा चुका है। हाथी को खदेड़ने के लिए विशेष स्क्वायड लगा है पर इसमें सफलता नहीं मिल रही है। शनिवार को जांगला गांव में दो घरों को तोड़ कर सामान नष्ट कर दिए। परिवार के लोग किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे।
सुंदरगढ़ जिले के बणई फारेस्ट रेंज में हाथी का उत्पात जारी है। हर रात को हाथी गांवों में पहुंचकर घरों को तोड़ रहा है। शनिवार की रात को कुलीपोष गांव में एक घर तोड़ कर अनाज खाने के बाद पास के जंगला गांव पहुंच गया। यहां भी एक घर को तोड़ा एवं अनाज के साथ घर के सामान नष्ट कर दिया। परिवार के लोग किसी तरह वहां से भाग निकले। बणई रेंज के जकेइकेला, बड़पोष, तलिता, बाघापाली भंगाडीह आदि गांवों में फसल के साथ घरों को तोड़ने से ग्रामीण आतंकित हैं। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा उसे खदेड़ने में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है। लंबे समय से इलाके में हाथी का उत्पात जारी होने के बावजूद उसे दूर ले जाने के लिए विभाग की ओर से पहल नहीं की जा रही है जिसे लेकर लोगों में भारी असंतोष है। बाइक दुर्घटना में दो युवक घायल : फर्टिलाइजर अस्पताल के पास बाइक के अनियंत्रित होने के कारण सवार बंधबासा निवासी बुधराम तांड़ी व उसका साथी अशोक घायल हो गया। दोनों शाम के समय बाइक से कही जा रहे थे। फर्टिलाइजर अस्पताल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिससे सड़क पर गिरने से बुधराम को गंभीर चोट आई है। उसे पहले फर्टिलाइजर अस्पताल तथा बाद में राउरकेला सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।