कांसबहाल में ताला तोड़ कर नकदी व आभूषण की चोरी
कांसबहाल पुलिस चौकी अंतर्गत विलाइगढ़ लोहरापाड़ा से घर का ताला तोड़ कर 10 हजार रुपये के साथ सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान चुरा लिया गया।
जासं, राउरकेला : कांसबहाल पुलिस चौकी अंतर्गत विलाइगढ़ लोहरापाड़ा से घर का ताला तोड़ कर 10 हजार रुपये के साथ सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान चुरा लिया गया। इस संबंध में पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई है। लोहरापाड़ा निवासी यवदानी चटर्जी पानपोष गए थे। उनके घर में ताला लगा था। रोजाना वह विलाइगढ़ लौट जाता था पर चार मई की रात को नहीं लौट पाया। रात को अज्ञात लोगों ने ताला तोड़ कर घर की आलमारी में रखे एक जोड़ा कर्णफूल, मंगलसूत्र, अंगूठी एवं नगद 10 हजार रुपये निकाल कर फरार हो गए। सुबह पहरेदार ने घर का ताला टूटा देख इसकी जानकारी यवदानी को दी। इस संबंध में चौकी में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस द्वारा इसकी छानबीन शुरू की गई है। दांडियापाली से चोरी आटो क्योंझर से बरामद : ब्राह्मणीतरंग थाना अंतर्गत दांडियापाली दयानंद नगर से चोरी मालवाहक आटो पुलिस के द्वारा क्योंझर से बरामद कर लिया गया है। हालांकि आरोपित हाथ नहीं लगा। दयानंद नगर इलाके के रवींद्र कुमार मिश्र का महेंद्रा सुपर मैक्स आटो 30 अप्रैल की रात को घर के पास से चोरी कर लिया गया था। रवींद्र के द्वारा इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले का सुराग लगने के बाद पुलिस क्योंझर पहुंची। क्योंझर सदर थाना क्षेत्र के झुपरा बाइपास के पास से उसे बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू की गई है एवं आरोपित की तलाश कर रही है। दस पेटी शराब के साथ दो अवैध कारोबारी गिरफ्तार : प्लांट साइट थाना की पुलिस ने 10 पेटी विदेशी शराब के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। पुलिस की गश्ती के दौरान आटो में शराब लेकर जा रहे दो युवकों को पकड़ा गया। उनकी पहचान शीतलनगर के अशोक घोष एवं प्रमोद माइकल के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों युवक बंडामुंडा क्षेत्र में शराब का अवैध कारोबार करते थे। प्लांट साइट थाना की पुलिस के द्वारा लॉकडाउन एवं शटडाउन के बीच 10 से अधिक शराब के अवैध कारोबारियों का पकड़ चुकी है।