एमसीएल कर्मी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज
सुंदरगढ़ टाउन थाना क्षेत्र के विजय टॉकिज रोड के श्रीकृष्ण विहार निवासी विभूति भूषण पटेल एवं उनके परिवार वालों के खिलाफ पत्नी लिपिका पटेल ने दहेज उत्पीड़न व जान से मारने का प्रयास करने का मामला दर्ज कराया है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : सुंदरगढ़ टाउन थाना क्षेत्र के विजय टॉकिज रोड के श्रीकृष्ण विहार निवासी विभूति भूषण पटेल एवं उनके परिवार वालों के खिलाफ पत्नी लिपिका पटेल ने दहेज उत्पीड़न व जान से मारने का प्रयास करने का मामला दर्ज कराया है। विभूति महानदी कोल फील्डस लिमिटेड (एमसीएल) में जूनियर केमिस्ट के पद पर कार्यरत है। उसे दहेज के रूप में चार पहिया वाहन एवं गहना लाने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। विभूति पटेल के साथ लिपिका की शादी नवंबर 2014 को हुई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर व परिवार के लोग चार पहिया वाहन व गहने लाने के लिए दबाव डाल रहे थे। इसमें असमर्थता जताने पर उसके साथ मारपीट की जा रही थी। यहां तक कि वे दूसरी शादी की भी धमकी दे रहे थे। दहेज नहीं लाने पर उसकी हत्या का भी प्रयास किया गया। वह किसी तरह जान बचाकर भागी एवं मायके ओरिएंट कालोनी, झारसुगुड़ा चली गई। इस बीच परिवार के लोगों ने समझौता का प्रयास किया पर लाभ नहीं हुआ। 27 जनवरी 2020 को झारसुगुड़ा कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दी। इससे क्षुब्ध होकर पति विभूति ने उसे जान से मार डालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पति विभूति पटेल, सास जीवेश्वरी पटेल जेठ चिन्मय पटेल, जेठानी प्रगति पटेल, ननद विनीता पटेल के नाम पर मामला दर्ज कर पुलिस इसकी जांच पड़ताल कर रही है। गर्जन बहाल में कोयला चोरी में दो गिरफ्तार : महानदी कोल फील्डस लिमिटेड (एमसीएल) से गर्जनबहाल कोयला साइडिग आए ट्रेलर को गड़बड़ी करते पकड़ा गया। साइडिग में अनलोड के बाद करीब छह टन कोयला लेकर वापस जा रहे वाहन को जब्त किया गया है। वाहन के चालक व हेल्पर को गिरफ्तार कर बलिगा चौकी पुलिस इसकी जांच कर रही है। रात को गर्जनबहाल खदान साइडिग के रास्ते से होकर सुंदरगढ़ के पूर्ण चंद्र राउत का ट्रेलर बिना दस्तावेज के प्रवेश किया था। साइडिग में अनलोड के बाद भी उसमें करीब छह टन कोयला लदा हुआ था। वे-ब्रिज में दस्तावेज मांगे जाने पर चालक मानस बेहरा दस्तावेज नहीं दिखा सका। छह टन कोयला घपला करने का प्रयास करते पकड़े जाने पर चालक व खलासी को गिरफ्तार किया गया। अनलोड के बाद भी छह टन कोयला लेकर वापस जाने की घटना में अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका है।