बृजमोहन अग्रवाल अग्रसेन सेवा संघ के अध्यक्ष निर्वाचित
जागरण संवाददाता, राउरकेला : महाराजा अग्रसेन सेवा संघ का चुनाव रविवार को सिविल टाउनशिप
जागरण संवाददाता, राउरकेला : महाराजा अग्रसेन सेवा संघ का चुनाव रविवार को सिविल टाउनशिप स्थित अग्रसेन भवन में संपन्न हुआ। बृजमोहन अग्रवाल अध्यक्ष, अशोक अग्रवाल एवं सुदर्शन गोयल उपाध्यक्ष चुने गये।
चुनाव अधिकारी महावीर प्रसाद लोसलका एवं महेश अग्रवाल की देखरेख में रविवार की सुबह दस बजे से विभिन्न पदों के लिए मतदान शुरू हुआ। 177 आजीवन सदस्य एवं 69 ट्रस्टियों को मतदान का अधिकार दिया गया था। इसमें से 177 ने मतदान में हिस्सा लिया। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार बृजमोहन अग्रवाल को 96 एवं अरुण अग्रवाल को 81 मत प्राप्त हुए। ट्रस्टी उपाध्यक्ष पद पर अशोक अग्रवाल एवं श्याम सुंदर अग्रवाल के बीच मुकाबला था जिसमें अशोक अग्रवाल को 129 एवं श्यामसुंदर अग्रवाल को 48 मत प्राप्त हुए। आजीवन सदस्य से उपाध्यक्ष पद के लिए सुदर्शन गोयल एवं बालाराम अग्रवाल चुनाव मैदान में थे। सुदर्शन गोयल को 151 एवं बालाराम को 25 मत मिले। गोपाल कृष्ण जाखोदिया की नाम वापसी पर सुरेश केजरीवाल निर्विरोध चुन लिये गये। कोषाध्यक्ष पर कमल अग्रवाल की नाम वापसी पर हरिओम बंसल, सह सचिव ट्रस्टी पद पर दौलत अग्रवाल तथा आजीवन सदस्य सह सचिव पद पर बबल गोयल निर्विरोध चुन लिय गये हैं। 14 कार्यकारिणी सदस्यों में आठ का चुनाव हो चुका है जबकि शेष का चुनाव शीघ्र किया जायेगा। अग्रसेन सेवा संघ का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया।
:::::::::::::::::::::::::::::::
भवन में बेहतर सेवा होगी प्राथमिकता : बृजमोहन
राउरकेला : महाराजा अग्रसेन सेवा संघ के नव निर्वाचित अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सिविल टाउन में निर्मित अग्रसेन भवन में लोगों को बेहतर सेवा देना प्राथमिकता होगी। यहां शादी, जन्म दिन एवं अन्य समारोह व कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। लोगों को सभी प्रकार की सुविधा यहां उपलब्ध हो इसका प्रयास किया जायेगा। सेवा संघ के कार्यों को विस्तार दिया जायेगा। चिकित्सा सेवा क्षेत्र में संघ की काम करने की योजना है। इसके लिए सभी ट्रस्टी एवं आजीवन सदस्यों के साथ कार्यकारिणी कमेटी के सहयोग की जरूरत है।