परी को न्याय दिलाने सड़क पर भाजपा, पदयात्रा
नयागढ़ के बहुचर्चित परी हत्याकांड का खुलासा करने की मांग को लेकर रविवार को भाजपा की ओर से पदयात्रा की गई।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : नयागढ़ के बहुचर्चित परी हत्याकांड का खुलासा करने की मांग को लेकर रविवार को भाजपा की ओर से पदयात्रा की गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता निहार राय की अगुवाई में मंगल भवन से निकली पदयात्रा में दर्जनों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर पीड़ित को न्याय देने की मांग की। पदयात्रा शहर के मुख्य मार्ग होते हुए पानपोष गांधी चौक में जाकर समाप्त हुई। भाजपाइयों ने कहा कि नयागढ़ जिला के जदूपुर गांव की पांच साल की परी की हत्या का मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया है। परी को न्याय देने की मांग करते हुए मंत्री अरुण साहू को बर्खास्त करने, मामले की सीबीआइ से जांच कराने की मांग भाजपा की ओर से की गई है। भाजपाइयों ने बीजू जनता दल (बीजद) के मंत्री अरुण साहू के खिलाफ नारेबाजी करने के साथ उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। निहार राय ने कहा कि इस वारदात के पांच माह से परी के पिता पुलिस के पास न्याय की गुहार लगाते आने के बाद भी उन्हें न्याय नही मिल पा रहा है। इससे तंग आकर परी के माता-पिता ने विधानसभा के समक्ष आत्मदाह करने का प्रयास करने के बाद यह घटना लोगों के सामने आई। उन्होंने कहा कि एक रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में परी की तरह अन्य 5503 बच्चे रहस्य मय रूप से लापता हो चुके है। राज्य सरकार के कलंकित अध्याय के कारण शासन के प्रति सवालों का ढेर लग गया है। परी से दुष्कर्म के बाद हत्या कर उसके शव को अपराधियों ने दफना दिया था। इस हत्याकांड में मंत्री अरुण साहू के करीबी की संलिप्तता होने का पता चलने के बाद मंत्री उक्त मामले को दबाने का प्रयास कर रहे है। मंत्री साहू क्षमता में रहने के दौरान जांच सही तरीके नही होने का आरोप भाजपाइयों ने लगाते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। कहा कि मंत्री साहू दोषियों को संरक्षण दे रहे हैं। इस कारण उक्त मामले की जांच एसआइटी के बजाया सीबीआइ से कराई जाए। पदयात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष लतिका पटनायक, प्रदेश प्रवक्ता धीरेन सेनापित, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जगबंधू बेहरा, प्रवक्ता भगवान राउत, नरसिंह जेना, प्रभाष बारिक ने रैली को संबोधित किया। प्रमिला दास, प्रमिला सुना, रिता सिंह, युवा नेता अंकुश वर्मा, बबलू चौरसिया, प्रदीप साहू, कैलाश सिंह, हिरोज राय, प्रशांत पंडा, अभय कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।