विधायक अतनु सब्यसाची का राजगांगपुर में भव्य स्वागत
स्मार्ट सिटी राउरकेला में आगामी 16 फरवरी को राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के दौरे को लेकर रविवार को राजगांगपुर पहुंचे केंद्रपाड़ा के महाकाल पाड़ा के विधायक अतनु सब्यासाची राउत का जोरदार स्वागत किया गया।
संसू, राजगांगपुर : स्मार्ट सिटी राउरकेला में आगामी 16 फरवरी को राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के दौरे को लेकर रविवार को राजगांगपुर पहुंचे केंद्रपाड़ा के महाकाल पाड़ा के विधायक अतनु सब्यासाची राउत का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर बीजद के कार्यकर्ताओं ने रानीबंध स्थित बीर बिरसा मैदान से विधायक को एक विशाल बाइक रैली में माटीगेट से होते हुए बीजू पटनायक चौक लेकर आए। यहां बीजू बाबू की प्रतिमा पर विधायक ने माल्यार्पण किया। यहां से विधायक का काफिला सुभाष चौक से शहर के मुख्य मार्ग होते हुए डाक बंगला पहुंचा। यहां विधायक अतनु सब्यसाची ने बीजद कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री के दौरे को सफल बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया। बताया कि 16 फरवरी को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक राउरकेला आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाना है। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को सुंदरगढ़ जिले के हर ब्लॉक एवं पंचायत में लाइव प्रसारण किया जाएगा। जिसे लोग अपने-अपने पंचायत एवं ब्लॉक पर ही इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख पाएंगे।
बीजद के टाउन अध्यक्ष राजेंद्र बेहरा ने बताया कि स्थानीय लोगों के लिए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण स्थानीय फुटबाल मैदान में होगा। इसके लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। चोरी की बाइक के साथ सात लोग गिरफ्तार : रघुनाथपाली थाना की पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों से चोरी व छीनी गई सात बाइक के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपितों में बसंती कालोनी आंबेडकर बस्ती निवासी राजा पात्र, अंगद कुमार शर्मा एवं विक्की नागेश शामिल है। शुक्रवार की रात करीब नौ बजे एफसीआइ कालोनी निवासी सत्यनारायण पंडा घर लौट रहे थे तभी तीनों आरोपितों ने उनकी स्कूटी, मोबाइल व अन्य सामान लूट लिया था। इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।