वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मृत्यु
कुआरमुंडा पुलिस चौकी अंतर्गत जमुनानाकी शंख पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई।
जासं, राउरकेला : कुआरमुंडा पुलिस चौकी अंतर्गत जमुनानाकी शंख पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मृत्यु हो गई। रविवार की रात करीब नौ बजे घटना के बाद स्थानीय लोगों के द्वारा पथावरोध कर मुआवजे की मांग की गई। बीरमित्रपुर थाना एवं कुआरमुंडा चौकी अधिकारी वहां पहुंचकर लोगों को मुआवजा का भरोसा देकर शांत किया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिवार वालों को सौंपा गया।
कुआरमुंडा जमुनानाकी स्कूल बस्ती निवासी बिराज टोप्पो बाइक से रिश्तेदार को लेकर घर लौट रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग-143 पर रात करीब नौ बजे शंख नदी पुल पार करने के दौरान ट्रेलर की चपेट में आने से विराज को गंभीर चोट लगी एवं मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। उसके साथ जा रहा रिश्तेदार बाल बाल बच गया। दुर्घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। लोगों ने मौके पर पहुंचकर पथावरोध कर दिया जिससे आवागमन ठप हो गया। सूचना मिलने पर कुआरमुंडा और बीरमित्रपुर से पुलिस अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझा कर शांत किया। पुलिस के विशेष कोष से मृतक के आश्रितों को चार लाख रुपये मुआवजा का भरोसा देने के बाद लोग शांत हुए एवं आवागमन सामान्य हुआ। सड़क जाम होने के कारण लोग कुआरमुंडा नुआगांव होकर राउरकेला गए। ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, एक जख्मी : कुआरमुंडा पुलिस चौकी क्षेत्र में आधुनिक मेटालिक्स के पास ट्रक की टक्कर से युवक की मृत्यु हो गई जबकि उसके साथ जा रहा युवक घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। रविवार की शाम करीब छह बजे कुआरमुंडा पुलिस चौकी क्षेत्र के चाडरी हरिरहरपुर के पास राष्ट्रीय राजपथ-143 पर बाइक को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दिया। इस घटना में राउरकेला सिविल टाउनशिप के मानटोला निवासी 27 वर्षीय बीजू लुगुन एवं उसके साथी 17 वर्षीय विकास भुइयां को गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को अस्पताल भेजा गया जहां इलाज के दौरान बीजू की मृत्यु हो गई जबकि विकास का इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर वाहनों को जब्त करने के साथ ही दुर्घटनाजनित मृत्यु का मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू की है।