आहार केंद्र कर्मियों को बिना नोटिस छंटनी का विरोध
राउरकेला महानगर निगम क्षेत्र में आहार केंद्रों में भोजन वितरण के लिए निगम टचस्टोन फाउंडेशन एवं महिला स्वयंसहायता समूह के बीच समझौता होने का विरोध शुरू हो गया है।
जागरण संवाददाता,राउरकेला : राउरकेला महानगर निगम क्षेत्र में आहार केंद्रों में भोजन वितरण के लिए निगम, टचस्टोन फाउंडेशन एवं महिला स्वयंसहायता समूह के बीच समझौता होने का विरोध शुरू हो गया है। बगैर नोटिस दिए काम से हटाए जाने पर यहां नियोजित 18 कर्मियों ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग को लेकर कार्यालय के समक्ष धरना दिया।
नगर निगम क्षेत्र में आधा दर्जन आहार केंद्र में भोजन वितरण के लिए 18 कर्मियों को नियोजित किया गया था। कोरोना संक्रमण के कारण आहार केंद्रों को बंद कर दिया गया था। अब इन्हें खोलने की तैयारी की जा रही है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार भोजन बनाने की जिम्मेदारी फाउंडेशन पर होगी जबकि वितरण महिला स्वयंसहायता समूहों को सौंपने कहा गया है। ऐसे में भोजन वितरण में नियोजित कर्मचारियों का रोजगार छिन गया है। प्रभावित 18 कर्मियों ने उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग करते हुए गुरुवार को निगम कार्यालय के समक्ष धरना दिया। मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। फाउंडेशन की ओर से भी सरकार का फैसले का पालन करने की बात कही गई तथा अपने पास दूसरा विकल्प नहीं होना मजबूरी बताया गया है। नगर निगम के उपायुक्त सुधांशु भोई ने आंदोलनकारियों को सरकार का निर्णय होने का हवाला देकर समझाने का प्रयास किया लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।